फरीदाबाद में हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा आयोजित हरियाणा सिविल सेवा और अलाइड सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षा के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. दिल्ली में साथ रहकर UPSC की तैयारी करने वाले दो दोस्त अब पुलिस की सलाखों के पीछे हैं.। एक दोस्त ने दूसरे के भविष्य के लिए अपनी जगह परीक्षा देने के लिए भेजा, लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया. विस्तार से जानिए पूरा मामला.
ADVERTISEMENT
बायोमेट्रिक मशीन ने पकड़ी चोरी
घटना सेक्टर-7 स्थित के.एल. मेहता दयानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की है. यहां मानव नाम का युवक, रोहतक निवासी अपने दोस्त विशाल कुमार की जगह परीक्षा देने पहुंचा था. जब परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस ली जा रही थी, तो मानव के अंगूठे के निशान का मिलान बार-बार असफल हो रहा था. शक होने पर जब अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो मानव टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
दिल्ली में UPSC की तैयारी के दौरान हुई थी दोस्ती
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी मानव और विशाल कुमार दोनों दिल्ली में रहकर आईएएस बनने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान दोनों में गहरी दोस्ती हुई. विशाल ने मानव को अपनी जगह परीक्षा देने के लिए राजी किया. मानव का कहना है कि उसने बायोमेट्रिक का जोखिम उठाने से मना किया था, लेकिन विशाल के बार-बार कहने पर वह दोस्ती निभाने के लिए परीक्षा देने बैठ गया.
असली उम्मीदवार कार में बैठकर कर रहा था इंतजार
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब मानव परीक्षा केंद्र के अंदर पेपर दे रहा था, तब असली उम्मीदवार विशाल कुमार बाहर अपनी कार में बैठकर परीक्षा खत्म होने का इंतजार कर रहा था. जैसे ही मानव के पकड़े जाने की भनक विशाल को लगी, वह कार लेकर भाग निकला. हालांकि, फरीदाबाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस की सख्त कार्रवाई और संदेश
थाना सेक्टर-8 के प्रभारी राजवीर सिंह के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस फर्जीवाड़े के पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है या यह सिर्फ इन दोनों की निजी योजना थी. पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि परीक्षाओं की पारदर्शिता के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT


