Faridabad Paramjit Dhankhar Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व अधिकारी और MNS कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ हत्याकांड में अब नए बयान सामने आए है. मृतक के साले राजवीर और उनके जिगरी दोस्त कैलाश ने इस पूरी वारदात के बारे में बताया है. उन्होंने बताया कि कैसे एक मामूली सी पार्किंग की बात को लेकर आरोपी ने बेरहमी से खूनी खेल खेला. इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों में भारी आक्रोश है.
ADVERTISEMENT
साला राजवीर ने क्या बताया?
मृतक परमजीत के साले राजवीर ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना रात करीब 9:45 बजे फोन पर मिली थी. फोन पर बताया गया कि उनके जीजा को किसी ने गोली मार दी है. लुधियाना से तुरंत फरीदाबाद पहुंचे राजवीर ने बताया कि घर के नीचे काफी सारा खून पड़ा था और पुलिस ने गोलियों के निशान की शिनाख्त कर रखी थी.
राजवीर के मुताबिक, झगड़े की वजह कोई बहुत बड़ी नहीं थी, बल्कि सिर्फ गाड़ी और गेट को लेकर हल्की-फुल्की बात थी, जो अक्सर पड़ोस में हो जाती है. लेकिन आरोपी के मन में न जाने क्या चल रहा था कि उसने नीचे बुलाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. परिवार की मांग है कि इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए.
दोस्त कैलाश का खुलासा: "प्यार से नीचे बुलाया, फिर धड़ धड़-धड़.."
मृतक के करीबी दोस्त कैलाश ने इस घटना की एक-एक भयानक डिटेल साझा की है. कैलाश ने बताया कि परमजीत परसों रात ही सिंगापुर से लौटे थे और 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी. शुक्रवार दोपहर को ही कैलाश की परमजीत से लंबी बातचीत हुई थी और वे शाम को दिवाली के गिफ्ट लेने जाने वाले थे. लेकिन परिवार को समय देने की बात कहकर परमजीत घर रुक गए थे.
कैलाश के अनुसार, आरोपी ने नीचे बुलाकर कहा "आओ तो सही, राम-राम जी पंडित जी...और इसके बाद तुरंत धड़-धड़ करके गोलियां चलानी शुरू कर दीं. कैलाश का आरोप है कि आरोपी ने पहले 4 गोलियां मारीं, जब वे जान बचाने भागे तो दोबारा बाहर निकालकर और गोलियां मारी गईं. कैलाश का कहाना है कि एक ही इंसान को 8 से 9 गोलियां दागना पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश और दरिंदगी को बयां करता है. बतौर कैलाश आरोपी पहले भी कई मामलों में विवादों में रहा है और इस दर्दनाक वारदात के बाद न्याय की गुहार लगाई जा रही है.
क्या था पूरा मामला?
फरीदाबाद के सेक्टर-21C में बहुमंजिला इमारत के अंदर पार्किंग और मामूली कहासुनी को लेकर शुरू हुआ विवाद इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह बना. मृतक परमजीत धनखड़ सिंगापुर से अपने भांजे की शादी में शामिल होने और त्योहार मनाने फरीदाबाद आए थे. आरोपी पड़ोसी के साथ उनकी गाड़ी खड़ी करने को लेकर बहस हुई थी, जो पहले भी कई बार तनातनी का कारण बन चुकी थी. मामूली बात पर शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना ने एक हंसते-खेल्ते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है और पुलिस इस पूरे मामले में गहनता से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


