फरीदाबाद पुलिस थाने के मालखाने से गायब हो गईं 32 पिस्तौल और रिवाल्वर, 2 महीने बाद पता चली खबर!

फरीदाबाद के सेक्टर-8 पुलिस थाने के मालखाने से अप्रेंटिस करने आए एक युवक ने लापरवाही का फायदा उठाकर 32 देसी-विदेशी पिस्तौल और रिवाल्वर चोरी कर लिए. 9 मई को हुई इस चोरी का खुलासा दो महीने बाद हुआ है.

faridabad
faridabad

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा पुलिस इन दिनों अपने ही थानों के मालखानों में हो रही गड़बड़ियों को लेकर लगातार सुर्खियों में है. सिरसा में अफीम गायब होने और फतेहाबाद में शराब की पेटियां चोरी होने के बाद अब फरीदाबाद से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के सेक्टर-8 पुलिस थाने के मालखाने से एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 32 पिस्तौल और रिवाल्वर चोरी हो गए. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात करीब दो महीने पहले मई की है, लेकिन इसका खुलासा अब जाकर हुआ है. चोरी हुए हथियारों में महंगे विदेशी हथियार भी शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है.

Read more!

असिस्टेंट पर भरोसा पड़ा भारी, हुआ विश्वासघात

फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला पूरी तरह से विश्वासघात का है. दरअसल, सेक्टर-8 थाने में आईटीआई का एक छात्र 'मोनू' अप्रेंटिस (Apprentice) के तौर पर कंप्यूटर का काम सीख रहा था. मालखाने के इंचार्ज एएसआई (ASI) विजेंद्र सिंह ने उस पर भरोसा करके उसे अपने पास काम पर लगा लिया. इसी भरोसे का फायदा उठाकर मोनू ने मालखाने से 32 खतरनाक हथियार उड़ा दिए. पुलिस ने इसे अमानत में ख्यानत का मामला माना है. लापरवाही बरतने के आरोप में मालखाना इंचार्ज एएसआई विजेंद्र सिंह को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है.

थानेदार की चेकिंग में खुली पोल, दिल्ली-एनसीआर तक बेचे हथियार

इस महाचोरी का खुलासा तब हुआ जब 9 मई को थाना प्रभारी (SHO) राजवीर सिंह ने मालखाने का रूटीन निरीक्षण किया. रजिस्टर से मिलान करने पर 32 हथियार गायब मिले, जिसके बाद हड़कंप मच गया. पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र गुप्ता के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की कई टीमें बनाई गईं. सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी मोनू को 10 मई को ही गिरफ्तार कर लिया गया था. पूछताछ में पता चला कि मोनू ने ये हथियार अपने मामा के लड़के विपिन को दिए, जिसने आगे तिजारा (राजस्थान), नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के अन्य इलाकों में सप्लाई कर दिए.

अब तक 20 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किए हथियार बरामद

पुलिस पीआरओ के अनुसार, इस पूरे नेक्सस को तोड़ते हुए अब तक कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी किए गए लगभग सभी हथियार भी बरामद कर लिए हैं. हालांकि, इस घटना ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर थाने के भीतर से ही इतने हथियार कैसे गायब हो गए और इस खबर को दो महीने तक बाहर क्यों नहीं आने दिया गया.

 

    follow google news