हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिकरौना गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल में लेडी टीचर संध्या की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है. महज 30 सेकंड में 27 बार चाकू से हमला कर संध्या को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी अमित (21 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस हिरासत में आरोपी अमित ने ऑन-कैमरा चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे इस हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ गई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस हिरासत में आरोपी का दावा
कोर्ट गांव के रहने वाले 21 वर्षीय अमित ने पुलिस कस्टडी में कैमरे के सामने दावा किया कि वह और 33 वर्षीय शिक्षिका संध्या पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे. आरोपी के मुताबिक, संध्या पहले उसके गांव (कोर्ट गांव) के स्कूल में पढ़ाती थी, वहीं से दोनों की जान-पहचान हुई थी. अमित का कहना है कि पिछले डेढ़ से दो महीने से संध्या ने उससे बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी. इसी बात की रंजिश और गुस्से में आकर उसने 3 जुलाई को स्कूल पहुंचकर इस वारदात को अंजाम दिया.
पति ने कहा- एकतरफा परेशान करता था आरोपी
दूसरी ओर, मृतका के पति विक्की का कहना है कि आरोपी अमित उनकी पत्नी को जबरन परेशान कर रहा था. पति के मुताबिक, पेरेंट्स-टीचर मीटिंग के दौरान एक बच्चे की पढ़ाई को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद संध्या ने वह स्कूल छोड़ दिया और सिकरौना के सरस्वती स्कूल में पढ़ाने लगी.
पति ने यह भी बताया कि वे इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी ले गए थे, जहां आरोपी के परिजनों और सरपंच ने आश्वासन दिया था कि अमित आगे से महिला को परेशान नहीं करेगा.
पुलिस ने लिया एक्शन!
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अमित 10वीं पास है और दूध बेचने का काम करता है. वारदात के महज दो घंटे के भीतर ही सिकरौना के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि दोनों एक-दूसरे को पिछले दो सालों से जानते थे, लेकिन महिला उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी और आरोपी जबरन बात करने का दबाव बना रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ADVERTISEMENT


