हरियाणा के झज्जर जिले से एक अनोखी शादी की खबर सामने आई है. क्राइम की दुनिया में पिछले 25 सालों से सक्रिय और तीन अलग-अलग हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा कुख्यात गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला अपनी कंबोडियन गर्लफ्रेंड मेटाचन (Metachan) के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहा है.
ADVERTISEMENT
शादी के लिए गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला दूलीना जेल से कस्टडी पैरोल पर बाहर आया है. शादी के इस समारोह को पूरा करने के लिए उसे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच 12 घंटे का समय मिला है, जिसके बाद रात 8 बजे से पहले उसे दोबारा जेल लौटना होगा.
कंबोडिया में हुई थी पहली मुलाकात
मैनपाल ढिल्ला और उसकी दुल्हन मेटाचन के बीच प्रेम कहानी बेहद नाटकीय रही है.
- पैरोल से फरारी: साल 2018 में मैनपाल ढिल्ला पैरोल पर जेल से बाहर आया था और फर्जी पासपोर्ट बनवाकर कंबोडिया भाग गया था.
- पड़ोस में बनी पहचान: कंबोडिया में उसने बीयर बार और रेस्टोरेंट का कारोबार शुरू किया. जिस मकान में वह रहता था, उसी के पड़ोस में मेटाचन रहती थी.
- कारोबार और प्यार: धीरे-धीरे दोनों के बीच मुलाकात बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए. मेटाचन ने मैनपाल के रेस्टोरेंट और कारोबार को संभालने में उसका पूरा साथ दिया.
दोनों के हैं 4 बच्चे
करीब 8 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया है. मैनपाल ढिल्ला और मेटाचन के कुल चार बच्चे हैं- जिनमें सबसे बड़ा बेटा 5 साल का है, उससे छोटा 4 साल का, फिर ढाई साल की बेटी और सबसे छोटी बेटी 1 साल की है.
मेटाचन 12 सितंबर को अपने तीन बच्चों के साथ कंबोडिया से भारत पहुंची है और अभी अपने ससुराल में रह रही है. शादी के बाद वह 10 अक्टूबर तक भारत में रुककर वापस कंबोडिया लौट जाएगी.
फार्म हाउस में कड़े सुरक्षा इंतजाम
झज्जर के एक फार्म हाउस में शादी का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें करीब 500 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं:
- कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले हर शख्स की पहचान की जांच की जा रही है.
- एंट्री गेट पर मेहमानों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं.
- पुलिस बल फार्म हाउस के अंदर और बाहर पूरी तरह तैनात है.
22 आपराधिक मामले और 3 में उम्रकैद
45 वर्षीय मैनपाल ढिल्ला पिछले 25 सालों से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आपराधिक साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे 22 गंभीर मामले दर्ज हैं. अदालत ने उसे तीन अलग-अलग हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई है.
ये भी पढ़ें: अहिरवाल से बाहर पहली बार मना राव तुलाराम का शहीदी दिवस, हांसी के मंच से राव इंद्रजीत सिंह ने दिया एकता का बड़ा संदेश
ADVERTISEMENT


