Gangster Rohit Godara: गैंगस्टर रोहित गोदारा की आलीशान कोठी पर रात में चला बुलडोजर, पुलिस बोली- हमें नहीं पता किसने तोड़ा!

कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के बीकानेर स्थित आलीशान पैतृक घर को रात के अंधेरे में जेसीबी से ढहा दिया गया. घटना के समय मकान खाली था. सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि पुलिस और प्रशासन ने इस बुलडोजर कार्रवाई की जानकारी होने से साफ मना किया है,

NewsTak
Google CTA

विदेश में बैठकर भारत में रंगदारी और मर्डर नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर इलाके में स्थित रोहित गोदारा के दो मंजिला आलीशान पैतृक घर (कोठी) को रात के अंधेरे में बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया है.

Read more!

अमावस्या की काली रात में हुई इस अचानक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार देर रात खेतों के बीच बनी रोहित गोदारा की ढाणी (कोठी) पर अचानक कई गाड़ियां और एक जेसीबी मशीन पहुंची. रात के सन्नाटे में काफी देर तक जेसीबी की गड़गड़ाहट गूंजती रही. सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए. जहां रात तक एक आलीशान दो मंजिला मकान खड़ा था, वहां अब सिर्फ टूटी हुई दीवारें और मलबे का ढेर बचा था. गनीमत यह रही कि घटना के समय रोहित गोदारा के पिता या परिवार का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था और मकान पूरी तरह खाली था.

प्रशासन ने झाड़ा पल्ला, सस्पेंस गहराया

इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने इस तरह की किसी भी आधिकारिक कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की तरफ से कोई बुलडोजर अभियान नहीं चलाया गया और न ही ऐसा कोई आदेश जारी हुआ था. पुलिस ने कहा कि अभी तक उनके पास मकान तोड़े जाने की कोई आधिकारिक शिकायत या रिपोर्ट भी नहीं आई है.

हाल ही में अमेरिका में एफबीआई (FBI) की चार्जशीट में रोहित गोदारा का नाम आने के बाद इस रहस्यमयी घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े कर दिए हैं. अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर सरकार या प्रशासन ने बुलडोजर नहीं चलाया, तो फिर रात के अंधेरे में कानून को हाथ में लेकर इस आलीशान कोठी को मलबे में तब्दील करने वाला कौन था? क्या यह गैंगवार का नतीजा है या फिर किसी अज्ञात एजेंसी का सीक्रेट ऑपरेशन, फिलहाल पुलिस इस पहेली को सुलझाने में जुट गई है.