गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के VC पर आया सरकार का बड़ा आदेश, ADGP दफ्तर पहुंचे दुष्यंत चौटाला के साथ ये कैसा व्यवहार ?

हिसार रेंज के एडीजीपी के.के. राव ने दुष्यंत चौटाला के सामने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराते हुए क्लीन चिट दे दी है, वहीं सरकार ने जीजेयू वीसी का कार्यकाल बढ़ाकर जेजेपी की मांगों को दरकिनार कर दिया है.

दुष्यंत चौटाला
दुष्यंत चौटाला

न्यूज तक डेस्क

follow google news

हरियाणा की राजनीति और छात्र राजनीति के केंद्र बने हिसार से दो बड़े अपडेट सामने आए हैं. एक तरफ जहां सरकार ने गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) के वाइस चांसलर (VC) प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई के कार्यकाल को विस्तार देकर तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है. वहीं दूसरी तरफ पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और हिसार रेंज के एडीजीपी (ADGP) के.के. राव के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Read more!

1. GJU VC प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई को मिला एक्सटेंशन

जेजेपी (JJP) नेताओं द्वारा जीजेयू के वीसी पर लगाए गए तमाम आरोपों और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद, हरियाणा सरकार ने प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई पर भरोसा जताया है. राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आदेश जारी कर उनके कार्यकाल को तब तक के लिए बढ़ा दिया है जब तक कि नए वीसी की नियुक्ति नहीं हो जाती. इस फैसले को जेजेपी के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि छात्र हित महापंचायत में वीसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी.

2. दुष्यंत चौटाला बनाम ADGP के.के. राव: वायरल वीडियो का सच

छात्र हित महापंचायत के बाद गठित 21 सदस्यीय कमेटी के साथ दुष्यंत चौटाला हिसार रेंज के एडीजीपी के.के. राव से मिलने पहुंचे थे. इस मुलाकात का एक एडिटेड वीडियो सामने आया है, जिसमें एडीजीपी पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते नजर आ रहे हैं.

पुलिस को क्लीन चिट: एडीजीपी के.के. राव ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने पूरी घटना की बारीकी से जांच की है और पुलिस की कोई गलती नहीं है. उन्होंने कहा कि पुलिस को अधिकार है कि वह सिविल ड्रेस में या किसी भी गाड़ी का उपयोग कर 'कैमफ्लाज' (छद्म भेष) में रेड कर सकती है.

"मैं एसपी का गुरु हूँ": बातचीत के दौरान जब दुष्यंत चौटाला ने तंज कसते हुए कहा कि "आप तो एसपी के भी गुरु निकले" (क्योंकि एसपी पहले ही क्लीन चिट दे चुके थे), तो एडीजीपी ने हंसते हुए जवाब दिया— "हाँ, मैं एसपी का गुरु हूँ, तभी इस कुर्सी पर बैठा हूँ."

3. जेजेपी का अगला कदम: अब कोर्ट पर टिकी निगाहें

एडीजीपी के इस कड़े रुख और पुलिस को मिली क्लीन चिट के बाद जेजेपी का '5 दिनों का अल्टीमेटम' बेअसर साबित होता दिख रहा है. हालांकि, दुष्यंत चौटाला ने इस मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का रुख किया है, जहां उनकी याचिका मंजूर हो गई है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कानूनी लड़ाई में पलड़ा किसका भारी रहता है.

 

    follow google news