गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात! 12 लाख का पैकेज, CA से लव मैरिज... फिर 5वीं मंजिल से कूदकर जागृति ने क्यों दी जान?

गुरुग्राम के सेक्टर-51 में आदित्य बिरला कंपनी की पांचवीं मंजिल से कूदकर 23 वर्षीय जागृति बारी ने जान दे दी. परिजनों का आरोप है कि नवंबर 2023 में सीए अमित सिंघल से लव मैरिज के बाद ससुराल वाले उसे दहेज, जाति और पूरी सैलरी छीनने को लेकर बेल्टों से पीटते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. पुलिस जांच में जुटी है.

gurugram
gurugram

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सेक्टर-51 स्थित आदित्य बिरला कंपनी के दफ्तर की पांचवीं मंजिल से कूदकर 23 साल की सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव जागृति बारी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मूल रूप से देहरादून की रहने वाली जागृति सालाना 12 लाख रुपये के पैकेज पर काम कर रही थी.

Read more!

अरमानों से की थी लव मैरिज, मिला सिर्फ दर्द

परिजनों के मुताबिक, जागृति ने नवंबर 2023 में बड़े अरमानों के साथ मेरठ के रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) अमित सिंघल से प्रेम विवाह किया था. लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद प्यार का यह बंधन प्रताड़ना के नर्क में बदल गया. जागृति हर रोज मेरठ से गुरुग्राम का लंबा और थका देने वाला सफर तय करके नौकरी पर आती थी, लेकिन उसका असली दर्द सफर का नहीं बल्कि ससुराल में मिलने वाले जख्मों का था.

'21 लाख के दहेज का ताना और सैलरी पर कब्जा'

जागृति की मां और भाई हार्दिक ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. बिलखती हुई मां ने बताया कि शादी के बाद से ही सास उसे ताने देती थी कि उनके बेटे के लिए 21 लाख रुपये के दहेज का रिश्ता आ रहा था. इस पर जागृति कहती थी, "मम्मी जी, मैं आपको 21 लाख रुपये कमाकर दिखाऊंगी."

परिजनों का आरोप है कि लाखों रुपये कमाने के बावजूद जागृति का पति अमित उसकी पूरी सैलरी छीन लेता था. उसके पास अपने रोजाना खर्चों तक के लिए पैसे नहीं बचते थे और उसे अपने भाई से पैसे मांगने पड़ते थे.

बेल्टों से मारपीट और इंटर-कास्ट मैरिज का ताना

जागृति के भाई हार्दिक के मुताबिक, शादी के बाद उसकी सास ने रंग बदलना शुरू कर दिया. वह कहती थी कि हमें अपनी बिरादरी (जाति) की लड़की चाहिए थी, तूने मेरे बेटे से शादी क्यों की? हार्दिक ने बताया कि जागृति को छोटी-छोटी बातों पर बेल्टों और थप्पड़ों से पीटा जाता था. जागृति ने कई बार अपने शरीर पर मारपीट के निशानों की तस्वीरें अपनी बहन को भी भेजी थीं.

दफ्तर की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग

लगातार मिल रहे इस मानसिक और शारीरिक टॉर्चर से तंग आकर जागृति ने कल ऑफिस की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति अमित सिंघल और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है. परिजन अब जागृति के लिए इंसाफ और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

 

    follow google news