'चंदा चोरी के पैसे से बना है BJP कार्यालय...' वर्धन यादव के आरोप से हरियाणा की राजनीति में भूचाल

नीरज वशिष्ठ

• 03:12 PM • 15 Jul 2026

गुरुग्राम में भाजपा कार्यालय के बाहर सुंदरकांड का पाठ करने पहुंचे कांग्रेसियों और पुलिस के बीच भारी टकराव देखने को मिला. कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने भाजपा पर राम मंदिर के चंदे में चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है.

Gurugram News
Gurugram News
Google CTA

हरियाणा के गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय के बाहर जबरदस्त सियासी ड्रामा और टकराव की स्थिति देखने को मिल रही है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यालय के बाहर सुंदरकांड का पाठ करने की चेतावनी के बाद पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया है.

Read more!

'चंदा चोरी के पैसे से बना है भाजपा कार्यालय'

कांग्रेस के गुरुग्राम ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय के बाहर सुंदरकांड का पाठ करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला. वर्धन यादव ने आरोप लगाया, "राम नाम के नाम पर ये लोग सत्ता में आए थे, लेकिन आज प्रभु श्री राम के चंदे को खा गए. हिंदुस्तान में यह घोर पाप हुआ है."

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के जिला अध्यक्ष ने उन्हें अंदर आकर पाठ करने का न्योता दिया था, जिसे वे पूरी तरह अस्वीकार करते हैं. वर्धन यादव ने कहा, "यह भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय चंदा चोरी और भ्रष्टाचार के पैसे से बना है, हम इस कार्यालय के अंदर अपने पैर कैसे रख सकते हैं!"

धारा 144 लागू, गिरफ्तारी के लिए तैयार कांग्रेस

गुरुग्राम डीसी के आदेशानुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी (धारा 144) लगाई गई है. पुलिस बल लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने और समझाने की कोशिश कर रहा है, जिससे टकराव की स्थिति बनी हुई है. वहीं, कांग्रेस नेता वर्धन यादव ने कहा कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं, चाहे पुलिस लाठी चलाए या उन्हें गिरफ्तार करे. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद गुरुग्राम में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है.