DLF के 1400 प्लॉट्स पर गिरेगी गाज! बुलडोजर लेकर पहुंचे DTP अमित मधोलिया, अवैध PG और दुकानें पर एक्शन!

हाईकोर्ट के आदेश पर गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ फेज-3 में अवैध प्रॉपर्टीज के खिलाफ बड़ी सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई है. डीटीपी अमित मधोलिया के नेतृत्व में रिहायशी घरों में बिना अनुमति चल रहे अवैध गेस्ट हाउस, क्लिनिक और दुकानें सील की जा रही हैं.

gurugram
gurugram

नीरज वशिष्ठ

follow google news

साइबर सिटी गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाकों में शुमार डीएलएफ (DLF) फेज-3 में डिपार्टमेंटल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (DTCP) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद डीटीपी (इंफोर्समेंट) अमित मधोलिया के नेतृत्व में तोड़फोड़ और सीलिंग का यह बड़ा अभियान शुरू किया गया है. विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध तरीके से कमर्शियल गतिविधियां चलाने वाले मकान मालिकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया है.

Read more!

RWA की याचिका पर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश

डीटीपी अमित मधोलिया ने बताया कि करीब दो साल पहले डीएलएफ की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने नियमों के उल्लंघन को लेकर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी. कोर्ट के आदेश पर विभाग ने डीएलएफ फेज 1 से लेकर 5 तक के पूरे रेजिडेंशियल एरिया का एक विस्तृत सर्वे किया था. इस सर्वे में करीब 5,100 प्रॉपर्टीज की जांच की गई और पाया गया कि सैकड़ों मकानों में बिल्डिंग प्लान का उल्लंघन कर अवैध कमर्शियल एक्टिविटीज चलाई जा रही हैं.

हालांकि, पिछले साल कुछ रेजिडेंट्स इस कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चले गए थे, जहां से उन्हें कुछ समय का स्टे मिला था. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने नवंबर में यह मामला वापस हाईकोर्ट को सौंप दिया. अब बीते 29 मई को हाईकोर्ट ने साफ आदेश दिया है कि जिन प्रॉपर्टी मालिकों के पास कोर्ट का कोई स्टे नहीं है, उन सभी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए.

तीन दिन तक चलेगा सीलिंग का महाअभियान

डीटीपी इंफोर्समेंट के मुताबिक, अकेले डीएलएफ फेज-3 में जनरल कैटेगरी के करीब 300 ऐसे प्लॉट्स हैं, जहां नियमों का उल्लंघन मिला है. इन्हें पहले ही रीस्टोरेशन का नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था. समय सीमा खत्म होने के बाद अब फेज-3 के एस (S) ब्लॉक से इस ड्राइव की शुरुआत की गई है. अभियान के पहले ही दिन टीम ने बिना अनुमति के आवासीय प्लॉट में चल रहे अवैध क्लिनिक, दो बड़े इललीगल गेस्ट हाउस और डिपार्टमेंटल स्टोर्स को मौके पर ही सील कर दिया. इसके साथ ही, घरों के बाहर सड़कों और रास्तों (Right of Way) पर किए गए अवैध कब्जों, गार्डन्स और जनरेटर सेट्स को भी हटाया जा रहा है.

फेज 1 से 5 तक 1400 प्लॉट्स पर गिरेगी गाज

अमित मधोलिया ने साफ किया कि डीएलएफ फेज 1 से लेकर फेज 5 तक जनरल कैटेगरी के लगभग 1400 प्लॉट्स चिन्हित किए गए हैं, जहां घरों के अंदर अवैध रूप से पीजी (PG), ब्यूटी पार्लर, सैलून, जिम और दुकानें खोली गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में इन कमर्शियल गतिविधियों के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी लोड पड़ रहा है और पार्किंग व ट्रैफिक की गंभीर समस्या पैदा हो रही है. विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए अगले तीन दिनों तक यह कार्रवाई पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी और किसी भी उल्लंघनकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा.

    follow google news