गोल्फ कोर्स रोड पर हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हिट-एंड-रन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और परिजनों के कड़े ऐतराज के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से दबोच लिया है. वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. पुलिस की एक विशेष टीम दौसा से उसे वापस गुरुग्राम लेकर आ रही है. पुलिस ने अब इस मामले में कानूनी शिकंजा कसते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC की धारा 307) जैसी गंभीर धारा जोड़ ली है.
ADVERTISEMENT
वायरल सीसीटीवी से खुला सच
ये पूरी कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए उस सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता के परिवार की औपचारिक शिकायत के आधार पर की गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक बेकाबू कार सवार ने महिला बाइकर को सीधी टक्कर मारी.
डीसीपी ईस्ट संदीप मलिक के मुताबिक, "घटना का वीडियो देखने से साफ जाहिर होता है कि कार चालक ने महिला को अनजाने में नहीं, बल्कि जानबूझकर टक्कर मारी थी. यह सीधे तौर पर जानलेवा हमले का मामला है, इसी को ध्यान में रखते हुए FIR में धारा 307 जोड़ी गई है."
इंसाफ के लिए थाने पहुंचे परिजन
सोमवार देर रात पीड़िता सिया उर्फ शिवानी चौहान के पिता रोशन चौहान, भाई और अन्य परिजन सेक्टर-56 पुलिस थाने पहुंचे. परिजनों ने पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग की.
पीड़िता के पिता रोशन चौहान ने आपबीती सुनाते हुए कहा, "वीडियो में साफ दिख रहा है कि मेरी बेटी कार के साथ काफी दूरी तक घिसटती हुई चली गई. यह कोई मामूली सड़क हादसा नहीं था, बल्कि जान लेने की कोशिश थी. यह तो ऊपर वाले का शुक्र है कि मेरी बेटी की जान बच गई और उसे ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं. वह घटना के बाद इतनी सहम गई थी कि शुरुआत में घर पर कुछ बता भी नहीं पाई. हम अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए हर मुमकिन लड़ाई लड़ेंगे."
आगे की कार्रवाई
पीड़िता के वकील ने भी पुलिस से मामले में कड़े कानूनी प्रावधान लागू करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे जल्द ही पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज करेंगे और आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेंगे.
ADVERTISEMENT


