गुरुग्राम के प्राइम लोकेशन गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल हिट-एंड-रन मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला की सफाई के बाद अब पीड़िता और मशहूर बाइकर सिया का बयान सामने आया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो में सिया ने आरोपी के 'हमदर्दी और पछतावे' वाले दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे महज एक ड्रामा करार दिया है.
ADVERTISEMENT
मदद करने के बजाय भाग निकला आरोपी
हाल ही में आरोपी कल्याण बैंसला ने मीडिया इंटरव्यू में दावा किया था कि यह एक अनजाने में हुई दुर्घटना थी और उसे घटना का अफसोस है. इस पर पलटवार करते हुए सिया ने कहा, *"अगर आरोपी के मन में सच में थोड़ी भी हमदर्दी या पछतावा होता, तो वह मौके से गाड़ी भगाने के बजाय रुककर मेरी मदद करता. ऐसी सहानुभूति जताने वाला किरदार उस पर बिल्कुल भी शोभा नहीं देता."*
सिया ने खारिज किए आरोपी के दावे
कार चालक के उन तमाम बहानों को सिया ने सिरे से कर दिया है जो उसने अपनी सफाई में पेश किए थे. आरोपी ड्राइवर ने कहा ने बताया कि बाइकर्स का ग्रुप बार-बार स्पीड बदल रहा था जिससे हादसा हुआ. इसके जवाब में सिया ने कहा कि अगर रफ्तार से कोई परेशानी थी भी तो इसका यह मतलब कतई नहीं है कि कोई पूरी सड़क पर किसी का पीछा करे.
इसके अलावा आरोपी ने अपने बयान में बताया कि उसे ये पता नहीं था कि बाईक चलाने वाला शख्सा लड़का है या लड़की. हालांकि सिया ने उसके इस बयान को भी सफेद झूठ बताया. सिया ने साफ किया, "मेरे लंबे बाल हैं और मेरी चोटी पीछे से साफ दिख रही थी. उसने मुझे देखा, मेरा पीछा किया, गाड़ी रोककर मुझसे बात करने की कोशिश की और फिर जानबूझकर टक्कर मारी."
आरोपी ने जो वायरल वीडियो से छेड़छाड़ का आरोप लिया था उसपर भी सिया ने कहा कि सड़क पर हुई इस पूरी वारदात को साबित करने के लिए दो सीसीटीवी/एक्शन कैमरा फुटेज ही काफी हैं. एक वीडियो में दिख रहा है कि कैसे कार पहली लेन से सीधे तीसरी लेन में आकर बाइक को साइड मारती है, जबकि दूसरे वीडियो में टक्कर के बाद घिसटती बाइक साफ नजर आ रही है.
दो सेकंड की देरी होती तो जान जा सकती थी
आपबीती सुनाते हुए सिया ने बताया कि टक्कर के बाद कार सवारों ने एक सेकंड के लिए भी रुककर देखना मुनासिब नहीं समझा कि वह जिंदा है या मर चुकी है. उन्होंने कहा कि महज दो या तीन सेकंड का फासला ऐसा था, जिससे उनकी हड्डियां टूट सकती थीं या जान भी जा सकती थी.
रविवार सुबह हुई इस खौफनाक वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. इस घटना के बाद सिया ने दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT


