गुरुग्राम के एक होटल में 35 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह यूनाइटेड किंगडम (UK) में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे. सोमवार देर रात उनका शव होटल के कमरे में बने जकूजी में मिला. घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
ADVERTISEMENT
मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले थे. प्रांजिल मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. वह हाल ही में भारत आए थे.
ऋषिकेश से दिल्ली पहुंचे थे प्रांजिल
जानकारी के मुताबिक, प्रांजिल सोमवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताने के बाद दिल्ली पहुंचे थे. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्होंने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाया. इसके बाद रात में रुकने के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा बुक कराया. उन्होंने होटल के कमरा नंबर 302 में ठहरने का फैसला किया था.
जकूजी में अचेत अवस्था में मिले
सोमवार रात करीब 8 बजे होटल कर्मचारियों को कुछ अनहोनी होने का शक हुआ. इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की. अंदर बाथरूम में बने जकूजी के पानी में प्रांजिल अचेत अवस्था में पड़े मिले. होटल प्रबंधन ने डॉक्टर को सूचना दी. मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम होटल पहुंची. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
CCTV फुटेज में कमरे में किसी दूसरे व्यक्ति के आने का सुराग नहीं
पुलिस ने मामले की जांच के लिए होटल की तीसरी मंजिल और मुख्य प्रवेश व निकास द्वारों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद कोई दूसरा बाहरी व्यक्ति वहां नहीं पहुंचा था. कमरे का दरवाजा भी अंदर से लॉक था.
UK में होने वाली थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
प्रांजिल पाठक की जिंदगी में सब कुछ अच्छा चल रहा था. उनका करियर भी बेहतर स्थिति में था. जल्द ही UK में उनकी शादी होने वाली थी. इसे लेकर आगरा में उनके परिवार के लोग तैयारियों में जुटे थे. इसी बीच उनकी अचानक मौत की खबर ने परिवार को झकझोर दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
जांच में जकूजी में नहाते समय दिल का दौरा पड़ने, पैर फिसलने या दम घुटने जैसी आशंकाओं को भी शामिल किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


