मानेसर में शादी के 3 महीने बाद पत्नी का मर्डर! पति का बाहरवाली महिला के साथ था चक्कर, रास्ते से हटाने के लिए यूं रची साजिश!

रियाणा के मानेसर में शादी के महज 3 महीने बाद पति अंकित भगत ने अपनी ही पत्नी मधु की सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. अंकित अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

Gurugram
Gurugram

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा के गुरुग्राम (मानेसर) से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शादी के महज 3 महीने बाद एक पति अपनी ही पत्नी का हत्यारा बन बैठा. आरोपी पति ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर इस खौफनाक मर्डर को अंजाम दिया और वारदात के बाद अपनी प्रेमिका और उसके बच्चे के साथ फरार हो गया. पुलिस को मृतका की लाश एक किराए के कमरे के बाथरूम से गली-सड़ी हालत में बरामद हुई है.

Read more!

धूमधाम से हुई थी शादी, मिला था 11 लाख कैश

मृतका का नाम मधु था, जो खो गांव की रहने वाली थी. करीब 3 महीने पहले ही मधु की शादी मानेसर के रहने वाले अंकित भगत के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी. लड़की के परिवार वालों ने शादी में दिल खोलकर पैसा खर्च किया था और ₹11 लाख कैश भी दहेज के रूप में दिए थे. लेकिन मधु को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस पति के साथ वो सुनहरे भविष्य के सपने देख रही है, वही उसकी जान ले लेगा.

लिव-इन पार्टनर के चक्कर में दिया वारदात को अंजाम

जब पुलिस ने आरोपी अंकित भगत की जांच शुरू की, तो एक चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. अंकित ने मानेसर बस स्टैंड के पास कासन रोड पर एक कमरा किराए पर लिया हुआ था. इस कमरे में वो अपनी पत्नी से छिपकर एक दूसरी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. परिजनों का आरोप है कि अंकित ने मधु के नाम की तीन बीघा जमीन हड़पने के लिए शादी का झूठा नाटक किया था. इसी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और जमीन के लालच में अंकित की लिव-इन पार्टनर उसकी क्राइम पार्टनर बन गई.

ससुराल वालों ने रची थी गुमराह करने की साजिश

मधु 21 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई थी. इसके बाद अंकित के परिवार वालों (ससुराल पक्ष) ने मधु के मायके वालों को फोन करके एक झूठी कहानी सुनाई. उन्होंने कहा कि आपकी बेटी घर से सारे गहने और जेवरात लेकर भाग गई है. परिजनों का कहना है कि ससुराल वालों ने यह नाटक इसलिए किया ताकि पुलिस और मायके वाले गुमराह हो सकें और आरोपी अंकित को भागने का पूरा समय मिल जाए.

बाथरूम से मिली गली-सड़ी लाश

संदेह होने पर जब पुलिस कासन रोड स्थित उस किराए के कमरे पर पहुंची जहां अंकित अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ रहता था, तो वहां ताला लटका मिला. ताला तोड़ने पर कमरे के अंदर से भयानक बदबू आ रही थी. जब पुलिस अंदर बाथरूम में दाखिल हुई, तो वहां मधु की लाश पड़ी थी. मधु के सिर में बेहद करीब (कनपटी) से गोली मारी गई थी और गर्दन पर चाकू के गहरे निशान थे. मौके से पुलिस को दो कारतूस के खोल भी बरामद हुए हैं.

आरोपी पति, प्रेमिका और बच्चा फरार, पुलिस जांच में जुटी

परिजनों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद अंकित भगत अपनी लिव-इन पार्टनर और उसके छोटे बच्चे के साथ हड़बड़ी में वहां से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने उन्हें एक साथ भागते हुए देखा था. मृतका के पिता और परिजनों ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिए हैं और अंकित के परिवार से भी पूछताछ की जा रही है.

 

    follow google news