Gurugram: थार ने पार्किंग में सो रही महिला को कुचला, अस्पताल से लाकर शव को फिर पार्किंग में छोड़ा!

न्यूज तक

• 01:54 PM • 15 Jul 2026

गुरुग्राम के सेक्टर 67 की अंसल अरसालिया सोसाइटी में कल शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां थार गाड़ी बैक कर रही एक महिला टीचर ने पार्किंग में सो रही 57 वर्षीय मेड गुड्डी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

gurugram
gurugram
Google CTA

गुरुग्राम के सेक्टर 67 स्थित अंसल अरसालिया सोसाइटी में कल शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां सोसाइटी की पार्किंग में सो रही 57 वर्षीय मेड गुड्डी को एक लाल रंग की थार गाड़ी ने कुचल दिया. गाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के वक्त थार को एक 50 वर्षीय महिला चला रही थी, जो पेशे से प्राइवेट टीचर है. पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है.

Read more!

गाड़ी बैक करते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गुड्डी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थी और यहां सोसाइटी में डोमेस्टिक हेल्पर (मेड) के तौर पर काम करती थी. कल शाम वह सोसाइटी के पार्किंग एरिया में सो रही थी. इसी दौरान सोसाइटी में रहने वाली नीतू (उम्र 50 वर्ष) अपनी लाल रंग की थार गाड़ी को बैक कर रही थी. लापरवाही से बैक की जा रही गाड़ी सीधे सो रही गुड्डी के ऊपर चढ़ गई.

मृत घोषित होने के बाद शव को पार्किंग में ही छोड़ दिया

मृतका के परिजनों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद आरोपी महिला नीतू अपनी दूसरी गाड़ी से गुड्डी को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंची. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों का कहना है कि इसके बाद आरोपी महिला शव को वापस सोसाइटी की पार्किंग में ही छोड़कर अपने फ्लैट में जाकर छिप गई.

आरोपी महिला हिरासत में..शिकायत का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने थार चलाने वाली प्राइवेट टीचर नीतू को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतका के परिजनों की तरफ से अब तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत मिलते ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.