'रात 3:30 बजे तक...', गुरुग्राम की सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मसूरी में संदिग्ध मौत, पति ने बताई उस खौफनाक रात की कहानी

उत्तराखंड के मसूरी में एक होम स्टे में गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. वह अपने पति के साथ घूमने आई थीं. कमरे से शराब की दो खाली बोतलें और सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाइयां मिली हैं.

Gurugram News
Gurugram News

राहुल यादव

follow google news

उत्तराखंड के मसूरी में घूमने आई गुरुग्राम की एक 27 साल की महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की होटल (होम स्टे) के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला का शव कमरे के फर्श पर मिला और उसकी नाक से खून बह रहा था. पुलिस को कमरे से शराब की दो खाली बोतलें और सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाइयां मिली हैं.

Read more!

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब और दवाइयों के रिएक्शन या ओवरडोज के कारण यह हादसा हुआ होगा, हालांकि पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

शादी के 7 महीने बाद घूमने निकला था कपल

मृतक महिला का नाम पी. राधा गायत्री था, जो गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं. उनकी शादी करीब 7 महीने पहले (नवंबर 2025 में) पुणे में काम करने वाले एक अन्य सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौम्य श्री चरण से हुई थी.

शादी के बाद यह कपल पहली बार घूमने के लिए उत्तराखंड निकला था. 13 जून को दोनों दिल्ली से रवाना हुए और ऋषिकेश घूमने के बाद 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी के पास एक होम स्टे में आकर रुके.

सुबह फर्श पर मिली लाश

पति के मुताबिक, दोनों रात को करीब 3:30 बजे तक जाग रहे थे और उसके बाद सोने चले गए. अगली सुबह जब पति सोकर उठा, तो उसने देखा कि उसकी पत्नी फर्श पर बेसुध पड़ी है. उसकी नाक से खून निकला हुआ था, यूरिन पास हो चुका था और बेडशीट पर भी खून के निशान थे. घबराकर पति ने तुरंत होटल मैनेजमेंट और पुलिस को इसकी जानकारी दी. मौके पर पहुंची एंबुलेंस के फार्मासिस्ट ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.

कमरे से क्या-क्या मिला?

फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने जब कमरे की जांच की तो वहां से शराब की दो खाली बोतलें और सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाइयां बरामद हुईं. पूछताछ में पति ने यह स्वीकार किया है कि रात के वक्त दोनों ने मिलकर दो बोतल शराब पी थी और उसके बाद सेक्स पावर बढ़ाने की दवा खाई थी.

आगे क्या कर रही है पुलिस?

पुलिस ने पूरे घटना स्थल की वीडियोग्राफी करवाई है और सारे सबूत कब्जे में ले लिए हैं. डॉक्टरों के एक पैनल से महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई है. महिला के माता-पिता और परिजन भी मसूरी पहुंच चुके हैं और उन्होंने मामले की पूरी जांच की मांग की है.

घटना के वक्त कमरे में सिर्फ पति ही मौजूद था, इसलिए पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और होम स्टे के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.

    follow google news