देश के सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में से एक 'द्वारका एक्सप्रेसवे' पर देर रात एक टैक्सी ड्राइवर की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नशे में धुत एक टैक्सी चालक ने न केवल कई किलोमीटर तक रॉन्ग साइड गाड़ी दौड़ाई, बल्कि सामने से आ रहे एक निजी कार सवार के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज भी की. यह पूरी घटना कार में लगे डैशकैम (Dashcam) में कैद हो गई है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
बाल-बाल बची कार सवार की जान
घटना रात के करीब 2:30 बजे की है, जब यशोभूमि राउंडअबाउट के पास एक टैक्सी (HR 56B 3226) रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी. सामने से आ रही एक निजी कार उससे टकराते-टकराते बची. गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था.
गलती के बावजूद दिखाई 'हनक'
हैरानी की बात यह है कि अपनी गलती मानने के बजाय टैक्सी ड्राइवर कार से नीचे उतरा और निजी कार सवार को ही धमकाने लगा. हाफ पैंट पहने टैक्सी ड्राइवर ने कार सवार को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और गाड़ी हटाने के लिए दबाव बनाया. वीडियो में टैक्सी चालक नशे की हालत में लग रहा है और वह किसी भी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं था.
28 चालान पेंडिंग, इंश्योरेंस भी एक्सपायर
जब इस गाड़ी (HR 56B 3226) की डिटेल्स निकाली गईं, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. इस गाड़ी पर पहले से ही 28 अनपेड चालान पेंडिंग हैं, जिनमें रेड लाइट जंपिंग, ओवरस्पीडिंग और डेंजरस ड्राइविंग जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल हैं. इतना ही नहीं, गाड़ी का इंश्योरेंस भी एक्सपायर हो चुका है. इसके बावजूद यह ड्राइवर बेखौफ होकर सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डाल रहा है.
गुरुग्राम पुलिस से कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग अब गुरुग्राम पुलिस से इस दबंग ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. सवाल यह उठ रहा है कि इतने चालान पेंडिंग होने और बिना इंश्योरेंस के यह गाड़ी सड़क पर कैसे दौड़ रही है? फिलहाल पूरा मामला गुरुग्राम पुलिस के पास है और देखना होगा कि इस 'हनक' दिखाने वाले ड्राइवर को कानून का पाठ कैसे पढ़ाया जाता है.
ADVERTISEMENT


