गुरुग्राम के वजीरपुर इलाके में शनिवार की रात एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और चार बच्चों को जहर देकर मार डाला. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की. घर के अंदर का मंजर इतना भयावह था कि वहां पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए.
ADVERTISEMENT
प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी नाजिम ने दिल्ली की रहने वाली नजमा के साथ कुछ साल पहले लव मैरिज की थी. दोनों ने साथ जीने-मरने के वादे किए थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि नाजिम अपनी पत्नी और बच्चों के लिए ही काल बन जाएगा. मृतकों में नजमा (35) के अलावा उनकी तीन बेटियां इकरा (14), सिफा (12), खतिना (10) और एक बेटा आयन (8) शामिल हैं.
खुदकुशी की भी की कोशिश
एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि नाजिम ने पहले अपने पूरे परिवार को जहर दिया. जब सबकी मौत हो गई तो उसने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. फिलहाल आरोपी नाजिम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने घर से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.
जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है. पड़ोसियों का कहना है कि घर से कल तक बच्चों की हंसी सुनाई देती थी, आज वहां से पांच शव एक साथ निकले. पुलिस इस मामले की हर पहलू से तफ्तीश कर रही है कि आखिर किस वजह से नाजिम ने इतना बड़ा और आत्मघाती कदम उठाया.
ADVERTISEMENT


