'शादी के 7 साल होते ही घर से निकाल देंगे', गुरुग्राम थाने के रोते-रोते मानसी ने बयां किया दर्द, बताई ससुरालवालों की करतूत!

गुरुग्राम के खांडसा में रहने वाली मानसी को दो बेटियां होने पर पति मोहित गुप्ता और ससुराल वालों द्वारा गंभीर रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. शराबी पति आए दिन मारपीट करता है. पुलिस पर पैसे लेकर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने थाने के बाहर रोकर न्याय की गुहार लगाई.

Gurugram
Gurugram

न्यूज तक

follow google news

Gurugram crime news: साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाने के बाहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 26 वर्षीय महिला मीडिया के कैमरों के सामने फफक-फफक कर रोने लगी. हाथ जोड़कर न्याय की भीख मांग रही महिला का नाम मानसी है. मानसी का आरोप है कि उसकी दो छोटी-छोटी बेटियां पैदा होने के कारण उसका पति, सास-ससुर और ननद उसे बेरहमी से पीटते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं. महिला के शरीर पर चोट के गहरे निशान साफ देखे जा सकते हैं. तंग आकर महिला ने यहां तक कह दिया कि वह पहले अपने बच्चों को मारेगी और फिर खुद फांसी लगा लेगी.

Read more!

बेटा न होने पर घर से निकाला, अब 7 साल पूरे होने का इंतजार

मूल रूप से दिल्ली के पहाड़गंज की रहने वाली मानसी की शादी 3 फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी मोहित गुप्ता के साथ हुई थी. मानसी ने दो बेटियों (5 साल की कायरा और 3 साल की खुशी) को जन्म दिया. दोनों डिलीवरी ऑपरेशन से हुई थीं.

मानसी का आरोप है कि बेटियां पैदा होने के बाद ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. सास-ससुर ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी. अब उसका शराबी पति आए दिन उसके और बच्चियों के साथ मारपीट करता है. ससुराल वाले ताना देते हैं कि शादी के 7 साल पूरे होते ही उसे धक्के मारकर निकाल देंगे और मोहित की दूसरी शादी कराकर लड़का पैदा करवाएंगे, क्योंकि 7 साल बाद दहेज का केस भी नहीं बन पाएगा.

पुलिस पर पैसे लेने और कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप

पीड़िता मानसी ने गुरुग्राम पुलिस पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. मानसी का कहना है कि वह सेक्टर-10 थाने में चार बार चक्कर काट चुकी है, लेकिन पुलिस कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करती. महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस वाले कार्रवाई के बदले पैसों की मांग करते हैं. उसका पति मोहित पुलिस को मोटी रकम दे देता है, जिसके कारण पुलिस वाले उसके साथ बहुत प्यार से पेश आते हैं और महिला की लिखित शिकायत को भी ठंडे बस्ते में डाल देते हैं.

मीडिया के सामने आने पर जागी पुलिस

जब महिला ने मीडिया के कैमरों के सामने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस प्रशासन की पोल खोली, तो महकमे में हड़कंप मच गया. आला अधिकारियों के हस्तक्षेप और मीडिया के दबाव के बाद पुलिस देर रात हरकत में आई. पुलिस ने आनन-फानन में महिला का मेडिकल कराया और उसे सुरक्षा के साथ उसके किराए के मकान में पहुंचाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन पीड़िता को अब भी आरोपी पति की गिरफ्तारी का इंतजार है.

 

    follow google news