Gurugram news: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक विवादित वीडियो के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सेक्टर 29 थाना क्षेत्र के चकरपुर इलाके से एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी महिला की पहचान जोसना बीवी (पत्नी फजूर रहमान) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और फिलहाल गुरुग्राम में किराए के मकान में रह रही थी.
ADVERTISEMENT
किचन में कढ़ाई दिखाए हुए बनाया वीडियो...दी चेतावनी
वायरल वीडियो में महिला अपने किचन में कढ़ाई में गोश्त बनाती हुई दिख रही है. बंगाली भाषा में बात करते हुए वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी को सीधे संबोधित करते हुए दावा कर रही है कि उसने गाय का गोश्त पकाया है. महिला वीडियो में आगे कहती हुई दिख रही है- "तुमने इस बार तो मुझे कुर्बानी (ईद-उल-अजहा) नहीं देने दी, लेकिन तुम खुद दूसरों के घर जाकर दो-दो कटोरी गोश्त खाकर आए थे. तुम्हें गोश्त खाना बहुत पसंद है, इसलिए मैंने तुम्हारे लिए यह गोश्त और साथ में रोटी बनाई है. अगर तुम्हें भात (चावल) खाना हो, तो वह भी बता देना."
"ऊपर वाला सब देख रहा है, अल्लाह सिखाएगा सबक"
वीडियो के आखिरी हिस्से में महिला का गुस्सा साफ देखा जा सकता है. उसने मुख्यमंत्री पर मुसलमानों पर अत्याचार करने और हिंदुओं को भड़काने का आरोप लगाया. महिला ने चेतावनी देते हुए कहा कि ज्यादा लालच का परिणाम बुरा होता है. उसने कहा, "तुम जो हिंदुओं को भड़का रहे हो, याद रखना ऊपर अल्लाह बैठा है और वह तुम्हें इसका सबक सिखाएगा. तुम्हें ऊपर वाले के यहां जवाब देना होगा."
पुलिस को मिली शिकायत, त्वरित कार्रवाई
यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया, जिस पर यूज़र्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे थे. वीडियो के वायरल होते ही चकरपुर पुलिस चौकी को इस संबंध में शिकायत मिली. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और चंद्रलोक इलाके में दबिश देकर जोसना बीवी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


