हांसी जिम ट्रेनर केस: 24 दिन बाद दिल्ली-हरियाणा पुलिस का बड़ा एक्शन, एनकाउंटर में ढेर होने से बचे 2 शूटर

हिमांशु मिश्रा

• 08:41 AM • 05 Jul 2026

हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल की दिनदहाड़े हत्या करने वाले दो इनामी शूटरों को दिल्ली पुलिस और हरियाणा एसटीएफ ने बहादुरगढ़ में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. पकड़े गए आरोपियों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है.

NewsTak
Google CTA

हरियाणा के हांसी में हुए मशहूर जिम ट्रेनर कपिल हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. वारदात के 24 दिन बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने एक संयुक्त एनकाउंटर में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. शुरुआती जांच में दोनों का कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सामने आ रहा है.

Read more!

बहादुरगढ़ में हुई मुठभेड़! 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बहादुरगढ़ इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. इस सूचना पर काउंटर इंटेलिजेंस (दिल्ली पुलिस) और एसटीएफ (हरियाणा पुलिस) ने मिलकर जाल बिछाया. खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गए. इस मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

11 जून को दिनदहाड़े की थी हत्या

बता दें कि 11 जून को हांसी में जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें इन शूटरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थीं.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर काम कर रहे थे. हालांकि, पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि हत्या की असली वजह क्या थी, इन्हें हथियार किसने सप्लाई किए और इस साजिश में कौन-कौन शामिल है. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि पूरे नेक्सस का पर्दाफाश किया जा सके.