हरियाणा के हांसी में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. फव्वारा चौक के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक जिम संचालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. हमलावरों ने महज 5 सेकेंड के भीतर नजदीक से करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जो जिम संचालक के सिर और पीठ में लगीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा और जिम संचालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृत युवक ने कुछ दिन पहले ही लव मैरिज की थी.
ADVERTISEMENT
तड़के सुबह वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है. जिम संचालक फव्वारा चौक के पास बनी दुकानों के रैंप पर युवक-युवतियों को एक्सरसाइज करवा रहा था. इसी दौरान बाइक पर दो हमलावर आए. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान न हो सके. उन्होंने आते ही जिम संचालक को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.
वर्कआउट कर रही लड़की को भी लगे छर्रे
जब यह हमला हुआ तो वहां कई लोग कसरत कर रहे थे. फायरिंग के दौरान वहां वार्म-अप कर रही शिखा नाम की एक युवती भी छर्रे लगने से जख्मी हो गई. घायल युवती को तुरंत इलाज के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस जांच शुरू
इस सनसनीखेज हत्याकांड का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध जांच एजेंसी (CIA) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शूटरों की पहचान करने और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
ADVERTISEMENT


