हरियाणा के कलानौर स्थित खैरडी गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने इस घटना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे दलित समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करार दिया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि खैरडी में बाबा साहेब की प्रतिमा को 9 अप्रैल को ही खंडित कर दिया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना किसी बड़े सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा थी. ढांडा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस घटना को बीते करीब दो सप्ताह हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद भी अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने हरियाणा पुलिस की दक्षता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या प्रशासन इतना नाकारा हो चुका है कि महापुरुषों का अपमान करने वालों को सलाखों के पीछे नहीं भेज पा रहा.
सरकार की मंशा और भाजपा की मानसिकता पर ढांडा का तीखा हमला
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निशाने पर लेते हुए अनुराग ढांडा ने भाजपा की नीयत पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा सरकार की नजरों में संविधान निर्माता के प्रति सम्मान का यही स्तर है? ढांडा ने यहां तक आशंका जताई कि कहीं सरकारी संरक्षण में सुनियोजित तरीके से तो बाबा साहेब का अपमान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने इसे भाजपा की 'घटिया मानसिकता' का परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों और पिछड़ों के आदर्शों को निशाना बनाना अब एक प्रवृत्ति बनती जा रही है.
आम आदमी पार्टी ने दी आंदोलन की चेतावनी
बाबा साहेब के अपमान को लेकर आम आदमी पार्टी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. अनुराग ढांडा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से बाबा साहेब के आदर्शों और उनके द्वारा बनाए गए संविधान पर चलने वाली पार्टी है. उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान निर्माता का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्टी ने मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा वे चुप नहीं बैठेंगे और इस अपमान के खिलाफ अपनी आवाज और बुलंद करेंगे.
ADVERTISEMENT


