हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा इन दिनों प्रदेश की अनाज मंडियों का दौरा कर रहे हैं. बुधवार को जब वे नारायणगढ़ के साढ़ौरा अनाज मंडी पहुंचे, तो वहां एक भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला. मंडी में अपनी फसल बेचने आए एक बुजुर्ग किसान ने हुड्डा को देखते ही अपना दुखड़ा सुनाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया.
ADVERTISEMENT
बुजुर्ग किसान की बेबसी, 3 दिन से ट्रॉली खड़ी है
80-90 साल के बुजुर्ग किसान ने हुड्डा का हाथ पकड़कर कहा कि उनकी फसल से भरी ट्रॉली पिछले तीन दिनों से मंडी के गेट पर खड़ी है. बुजुर्ग ने रोते हुए बताया, "मैं बूढ़ा आदमी हूँ, रात कैसे काटूं? मेरा ट्रैक्टर भी पुराना है, जिसका अब पास भी नहीं मिल रहा. पेंशन के लिए भी धक्के खाने पड़ रहे हैं." किसान ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार की जटिल प्रक्रियाओं ने किसानों का दम निकाल दिया है.
बायोमेट्रिक प्रणाली पर हुड्डा का हमला
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने विशेष रूप से मंडी में लागू बायोमेट्रिक प्रणाली को खत्म करने की मांग की. हुड्डा ने कहा, "सरकार ने किसान को चोर बना दिया है. पहले 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पर रजिस्ट्रेशन कराओ, फिर गेट पास लो, फिर बायोमेट्रिक दो और फिर गारंटर लाओ. तमाशा बना रखा है."
हुड्डा ने आगे कहा कि 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के अंगूठे के निशान (बायोमेट्रिक) अक्सर मशीनें नहीं लेतीं, जिससे उन्हें भारी परेशानी होती है. साथ ही जिन महिलाओं के नाम जमीन है, वे बायोमेट्रिक देने कहां जाएंगी?
एमएसपी के नाम पर हो रहा घोटाला
हुड्डा ने सरकार के एमएसपी (MSP) देने के दावों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "सरकार कहती है कि 24 फसलों पर एमएसपी देते हैं, लेकिन हरियाणा में इतनी फसलें पैदा ही नहीं होतीं. गेहूं और धान की खरीद में बड़े घोटाले हो रहे हैं, जिसके कारण किसान को अपनी फसल बाहर सस्ती बेचनी पड़ रही है."
हुड्डा ने घोषणा की कि वे किसानों की आवाज उठाने के लिए पूरे प्रदेश की मंडियों का दौरा करेंगे और सरकार को इन जनविरोधी शर्तों को हटाने के लिए मजबूर करेंगे.
ADVERTISEMENT


