Haryana News: BJP विधायक रामकुमार गौतम की अधिकारियों को चेतावनी, बोले- रिश्वत लेने वालों को नहीं बख्शूंगा

हरियाणा के सफीदों से बीजेपी विधायक रामकुमार गौतम ने रिश्वत और कमीशन लेने वालों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले को जाति, रिश्तेदारी या राजनीतिक समर्थन के आधार पर नहीं बचाया जाएगा. सफीदों में 4 एकड़ जमीन पर करीब 43.05 करोड़ रुपये से नर्सिंग कॉलेज बनेगा.

Ramkumar Gautam
Ramkumar Gautam
Google CTA

हरियाणा के जींद जिले की सफीदों सीट से बीजेपी विधायक रामकुमार गौतम ने भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि रिश्वत और कमीशन लेने वाले लोग सबसे घटिया होते हैं. अगर कोई भ्रष्टाचार करते पकड़ा गया, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. इस मामले में वह न तो किसी की जाति देखेंगे और न ही यह कि उसने चुनाव में उनकी मदद की थी.

Read more!

रामकुमार गौतम ने यह बात सफीदों में नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला रखने के कार्यक्रम के दौरान कही. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और खासकर इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को निर्माण कार्य में पूरी ईमानदारी बरतने की हिदायत दी.

'कमीशन लेने के चक्कर में मत पड़ना'

विधायक ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में कमीशन लेने के चक्कर में न पड़ें. उन्होंने कहा कि यह देश अपना है और यहां किसी को भी बेईमानी नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इंसान खाली हाथ आता है और खाली हाथ ही जाता है. इसलिए सभी को ईमानदारी और नेक नीयत से अपना काम करना चाहिए.

रामकुमार गौतम ने साफ कहा कि अगर उन्हें किसी के भ्रष्टाचार में शामिल होने की जानकारी मिलती है, तो वह उसे किसी भी हालत में बख्शेंगे नहीं. चाहे वह किसी भी जाति या समुदाय से हो. यहां तक कि अगर वह उनका रिश्तेदार या सबसे बड़ा समर्थक भी हुआ, तब भी उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा.

संसद भवन की तरह अच्छी इमारत बनाने की बात कही

नर्सिंग कॉलेज के निर्माण का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि इमारत ऐसी बननी चाहिए, जिसकी गुणवत्ता पर कोई सवाल न उठे. उन्होंने संसद भवन का उदाहरण देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज का निर्माण तय समय पर पूरा किया जाए. साथ ही, काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने कहा कि देश अपना है, इसलिए इसके निर्माण में लापरवाही या बेईमानी नहीं होनी चाहिए.

43 करोड़ रुपये से बनेगा नर्सिंग कॉलेज

सफीदों में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण 4 एकड़ जमीन पर किया जाना है. इस परियोजना पर करीब 43 करोड़ 5 लाख रुपये खर्च होंगे. आधारशिला रखने के कार्यक्रम में विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को समय सीमा और गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए. इस दौरान उनका गुस्से वाला अंदाज भी देखने को मिला. कार्यक्रम का 1 मिनट 38 सेकंड का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सख्त चेतावनी देते नजर आ रहे हैं.

विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं विधायक

रामकुमार गौतम अपने सख्त तेवरों के लिए जाने जाते हैं. वह पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं. इस बार उन्होंने रिश्वत और कमीशन लेने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. विधायक ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार करने वाले व्यक्ति को किसी भी आधार पर बचाया नहीं जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी से काम करने और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने की अपील की.