Haryana: बडौली की छुट्टी, डॉ. अर्चना गुप्ता बनीं हरियाणा BJP की नई बॉस; कुर्सी मिलते ही कह दी बड़ी बात

Haryana: हरियाणा बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल हुआ है. मोहन लाल बडौली की जगह डॉ. अर्चना गुप्ता को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. पद संभालते ही डॉ. अर्चना गुप्ता ने पीएम मोदी और अमित शाह सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि बीजेपी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां ईमानदारी से काम करने वाला एक साधारण कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है.

Dr Archana Gupta
Dr Archana Gupta

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Haryana: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के स्तर पर एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली को पद से हटा दिया है. बडौली को 'बाय-बाय' कहकर बीजेपी आलाकमान ने अब हरियाणा बीजेपी की कमान डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंप दी है. इस बड़े फेरबदल के बाद हरियाणा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.

Read more!

डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के तुरंत बाद 'हरियाणा तक' ने उनसे खास बातचीत की. कैमरे के सामने आते ही डॉ. अर्चना गुप्ता ने न सिर्फ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया, बल्कि एक ऐसी बात कह दी जो इस समय सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक खूब वायरल हो रही है.

"एक महिला को इस लायक समझा..." 

'हरियाणा तक' से खास बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता भावुक और बेहद उत्साहित नजर आईं. जब उनसे पूछा गया कि इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर वह क्या कहना चाहेंगी, तो उन्होंने कहा:

"मैं आपके माध्यम से हमारी पार्टी के पूरे शीर्ष नेतृत्व का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं और आभार व्यक्त करती हूं. हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष, हमारे गृह मंत्री आदरणीय अमित शाह जी, हमारे केंद्रीय कैबिनेट मंत्री आदरणीय मनोहर लाल खट्टर जी, हमारे मुख्यमंत्री आदरणीय नायब सिंह सैनी जी और हमारे राष्ट्रीय व प्रदेश के संगठन मंत्रियों ने एक महिला कार्यकर्ता को इस लायक समझा कि वह प्रदेश अध्यक्ष के पद पर काम कर सकती है."

डॉ. अर्चना गुप्ता ने आगे कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ उस जिम्मेदारी को निभाने का पूरा प्रयास करेंगी.

"सिर्फ बीजेपी में ही एक साधारण कार्यकर्ता बनता है PM और CM"

इंटरव्यू के दौरान जब पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बीजेपी के 'महिला मोर्चा' से की थी तो क्या कभी उनके जेहन में यह बात आई थी या उन्होंने कभी सोचा था कि वह एक दिन राज्य में पार्टी के सबसे सर्वोच्च पद (प्रदेश अध्यक्ष) तक पहुंच जाएंगी?

इस सवाल का बेहद सादगी और बेबाकी से जवाब देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने बीजेपी की कार्यप्रणाली की तारीफ की. उन्होंने कैमरे पर बात खोलते हुए कहा:

"देखिए, यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में ही मुमकिन है, क्योंकि यह सच्चे मायनों में कार्यकर्ताओं की पार्टी है. हमारी पार्टी की यह खूबसूरती है कि यहां एक साधारण कार्यकर्ता ही आगे चलकर प्रधानमंत्री बनता है और हमारी पार्टी में ही एक जमीनी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बनता है. बीजेपी में जो भी कार्यकर्ता लगातार मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ काम करता है, पार्टी उसे पहचानती है और आगे बढ़ने का मौका देती है."

महिला कार्ड या सांगठनिक मजबूती? समझें मायने

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोहन लाल बडौली की जगह डॉ. अर्चना गुप्ता को आगे लाकर बीजेपी ने एक बड़ा दांव खेला है. महिला मोर्चा से तपे-तपाए नेतृत्व को प्रदेश की कमान सौंपकर बीजेपी ने जहां एक तरफ महिला वोटर्स और कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है, वहीं दूसरी तरफ संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद भी शुरू कर दी है. डॉ. अर्चना गुप्ता ने अध्यक्ष बनते ही साफ कर दिया है कि उनका विजन संगठन को साथ लेकर पूरी पारदर्शिता से काम करने का है.

 

    follow google news