हरियाणा की सियासत और पुलिस प्रशासन में उस समय हड़कंप मच गया जब हिसार के सीआईए (CIA) इंचार्ज पवन कुमार पर एक महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया. गौर करने वाली बात यह है कि ये वही पुलिस अधिकारी हैं जिनका एक वीडियो हाल ही में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का काफिला रोककर उन्हें धमकाने के मामले में वायरल हुआ था.
ADVERTISEMENT
"मेरे पति को कोमा में भेज दिया और फिर ले ली जान"
फतेहाबाद के नांदौड़ी गांव की रहने वाली पीड़िता सुमन बिश्नोई ने एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई है. सुमन का आरोप है कि पवन कुमार और उनके साथ 8 अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके पति हरपाल थापन को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत हिरासत में लिया था. सुमन के मुताबिक, हिरासत के दौरान उनके पति को इतना प्रताड़ित किया गया कि उनका 'ब्रेन डैमेज' हो गया. हरपाल करीब दो महीने तक कोमा में रहे और अंततः उनकी मौत हो गई.
₹25 लाख की मांग और टॉर्चर का आरोप
पीड़िता का दावा है कि जब उनके पति कोर्ट में मिले थे, तब उन्होंने बताया था कि पुलिस उनसे 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रही है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रही है. सुमन ने बताया कि उनके पति को तीन दिनों तक किसी से मिलने नहीं दिया गया और बाद में पता चला कि वे अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ उनके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे और मुँह से खून निकल रहा था.
"एफआईआर के बावजूद पुलिस वाले ड्यूटी पर तैनात"
सुमन बिश्नोई ने बताया कि इस मामले में सितंबर 2023 में हिसार के सदर थाने में पवन कुमार समेत 9 पुलिसकर्मियों के खिलाफ आईपीसी (IPC) की धारा 302 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था (FIR No. 98104). पीड़िता का दुख यह है कि इतनी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी पुलिसकर्मी न तो सस्पेंड हुए और न ही उनकी वर्दी उतरी; वे आज भी अपनी ड्यूटी कर रहे हैं.
प्रशासन से टूटा भरोसा
वीडियो में सुमन बेहद भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा, "मैंने 5 दिनों तक अपने पति की डेड बॉडी के साथ प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार या पुलिस ने मेरी सुनवाई नहीं की. अब मेरा केस हाई कोर्ट में है, जहाँ सिर्फ तारीखें मिल रही हैं." उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केस वापस लेने के लिए उनके परिवार और देवर को लगातार धमकाया जा रहा है.
सुमन ने अंत में सवाल उठाया कि अगर पुलिस को ही सब कुछ तय करना है, तो कोर्ट और जज की जरूरत क्या है? उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT


