हरियाणा कांग्रेस में हाई वोल्टेज ड्रामा! धरने पर बैठे विधायक गोकुल सेतिया को हुड्डा ने हाथ पकड़कर उठाया, 'क्रॉस वोटिंग' पर किया बड़ा खुलासा

Haryana Congress Crisis: हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर विवाद गहरा गया है. गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी धरने पर बैठ गए, जिसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मौके पर पहुंचकर उन्हें क्लीन चिट दी. क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के नाम हाईकमान को भेजे जा चुके हैं और जल्द ही कार्रवाई की संभावना है.

Haryana Congress Crisis
Haryana Congress Crisis

सोनिया सत्यानीता

follow google news

हरियाणा राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस के भीतर मची रार अब सड़कों पर आ गई है. बुधवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस दफ्तर के बाहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया और नांगल चौधरी से विधायक मंजू चौधरी अचानक धरने पर बैठ गए. विधायकों का आरोप है कि क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द होने के मामले में जानबूझकर उनका नाम उछाला जा रहा है, जिससे वे बेहद आहत हैं.

Read more!

हुड्डा ने बीच सड़क हाथ पकड़कर उठाया, दी 'क्लीन चिट'

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद मौके पर पहुंचे. हुड्डा ने धरने पर बैठे विधायक गोकुल सेतिया और मंजू चौधरी का हाथ पकड़कर उन्हें उठाया और मीडिया के सामने साफ किया कि ये दोनों विधायक पूरी तरह 'क्लीन' हैं. हुड्डा ने कहा, 'इनके नाम बिल्कुल गलत उछाले जा रहे हैं, ये बेकसूर हैं और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं.' 

क्रॉस वोटिंग करने वालों के नाम हाईकमान के पास

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि पार्टी को उन 5 चेहरों के बारे में पता चल गया है जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की है. हुड्डा ने कहा, 'विपक्षी पार्टियां जानबूझकर अफवाहें फैला रही हैं. जिन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, उनके नाम हाईकमान को भेज दिए गए हैं. मैं पार्टी अनुशासन से बंधा हूं, इसलिए अभी नाम सार्वजनिक नहीं कर सकता, लेकिन दो-चार दिन में सब सामने आ जाएगा.' 

चुनाव अधिकारी पर भी उठाए सवाल

हुड्डा ने केवल क्रॉस वोटिंग ही नहीं, बल्कि रद्द हुए वोटों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने विधायक बीबी बत्रा का हवाला देते हुए कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने जानबूझकर हमारे विधायकों के वोट रद्द किए हैं. उन्होंने साफ किया कि बादली से विधायक कुलदीप वत्स के वोट रद्द होने की चर्चा भी महज एक अफवाह थी और उनका वोट पूरी तरह वैध था.

बागी विधायकों को मिलेगा 'कारण बताओ' नोटिस

राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से बाहर जाकर वोट देने वाले विधायकों पर अब गाज गिरना तय है. कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने स्पष्ट किया है कि डिसिप्लिनरी कमेटी को पूरी जानकारी दे दी गई है. दोषी विधायकों को जल्द ही 'कारण बताओ' (Show Cause) नोटिस जारी किया जाएगा. हरियाणा कांग्रेस में मचे इस घमासान के बीच अब सबकी नजरें हाईकमान के अगले कदम पर टिकी हैं.

    follow google news