हरियाणा: राज्यसभा चुनाव में रद्द हुए वोटों का 'राज' क्या है? राव नरेंद्र ने लिया इस विधायक का नाम, बीजेपी पर भी साधा निशाना

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने राज्यसभा चुनाव में रद्द हुए वोटों के लिए बीजेपी और अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए टोहाना विधायक परमवीर सिंह का नाम लिया है. साथ ही उन्होंने क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर जल्द सख्त कार्रवाई और नगर निगम चुनाव सिंबल पर लड़ने का ऐलान किया है.

हरियाणा न्यूज
हरियाणा न्यूज

नीरज वशिष्ठ

follow google news

हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र यादव ने गुरुग्राम में एक कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा चुनाव में हुए रद्द वोटों और क्रॉस वोटिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और सरकारी अधिकारियों पर धांधली के आरोप लगाए हैं.

Read more!

परमवीर सिंह का लिया नाम, बीजेपी पर मढ़ा दोष

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के रद्द हुए वोटों पर सफाई देते हुए राव नरेंद्र ने टोहाना से विधायक परमवीर सिंह का विशेष तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा, "मैंने खुद वीडियो देखा है, परमवीर सिंह का वोट जानबूझकर रद्द किया गया. वहां सीक्रेसी लीक जैसा कुछ नहीं था, लेकिन सरकार के दबाव में अधिकारियों ने वैलिड वोट को कैंसिल कर दिया."

बाकी तीन रद्द वोटों के बारे में उन्होंने कहा कि वोट डलने के बाद उनकी पहचान करना मुश्किल होता है, लेकिन पार्टी को हराने के लिए बीजेपी ने अधिकारियों के जरिए साजिश रची. इस मामले की शिकायत इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया से भी की गई है.

"गद्दारों" पर होगी सख्त कार्रवाई

क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर राव नरेंद्र ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पांच विधायकों ने पार्टी के साथ धोखा किया है. अनुशासन समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और इसे पार्टी हाईकमान (बीके हरिप्रसाद) को भेज दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता और फिर नियमों को तोड़ा, उनके खिलाफ बहुत जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी.

नगर निगम चुनाव सिंबल पर लड़ेगी कांग्रेस

प्रदेश में आगामी नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राव नरेंद्र ने घोषणा की कि कांग्रेस यह चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी. इसके लिए 16 तारीख को दिल्ली के 24 अकबर रोड पर इलेक्शन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी जनता की पसंद के योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी.

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

बायोमेट्रिक प्रणाली और मंडियों में गेहूं की खरीद को लेकर भी राव नरेंद्र ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक जैसी शर्तें किसानों को परेशान करने के लिए हैं. उन्होंने उदाहरण दिया कि सरकारी मशीनों में नमी (Moisture) ज्यादा दिखाई जा रही है, जबकि व्यापारियों की मशीनों में वही गेहूं मानक के अनुरूप निकल रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसान का एक-एक दाना नहीं खरीदा गया, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी.

 

    follow google news