हरियाणा कांग्रेस में टिकट वितरण और पदों की खरीद-फरोख्त को लेकर एक ऐसा धमाका हुआ है, जिसकी गूंज दिल्ली के 10 जनपद तक सुनाई दे रही है. हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सुचित्रा सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और उनके करीबियों पर ₹7 करोड़ लेने का सनसनीखेज आरोप लगाया है. उन्होंने कई बड़े नाम लिए है, जिससे की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. साथ ही उन्होंने शिकायत भी दर्ज करा दी है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
'56 साल का रिश्ता और बदले में मिला धोखा'
शहीद की बेटी और दलित समाज से आने वाली सुचित्रा सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले 56 सालों से कांग्रेस से जुड़ा रहा है. उनके परिवार के मोतीलाल वोरा और अहमद पटेल जैसे दिग्गज नेताओं से करीबी संबंध थे. सुचित्रा का आरोप है कि अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनावों में रेवाड़ी की बावल (SC रिजर्व) सीट से टिकट दिलाने और पार्टी में ऊंचे पद दिलाने के नाम पर उनसे कुल ₹7 करोड़ लिए गए.
इन बड़े नामों पर लगाए आरोप
सुचित्रा सिंह ने अपनी शिकायत में कांग्रेस के कई ताकतवर चेहरों और उनके स्टाफ का नाम लिया है:
प्रियंका गांधी के पीए: आरोप है कि प्रियंका गांधी के पीए शादाब खान ने 10 जनपद में मुलाकात के नाम पर ₹25 लाख और बाद में आवास पर ₹15 लाख लिए.
सोनिया गांधी के पीए: सुचित्रा का दावा है कि सोनिया गांधी के पीए महेश कुमार ने उनके घर आकर पैसे लिए.
के.सी. वेणुगोपाल और के. सुरेश: सुचित्रा ने कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कोडिकुनिल सुरेश (K. Suresh) के खिलाफ भी दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
अन्य स्टाफ: आरोप है कि पार्टी के चार अन्य स्टाफ सदस्यों को भी 25-25 लाख रुपये दिए गए.
'राजा का बेटा ही राजा क्यों?'
सुचित्रा सिंह ने पार्टी में जारी परिवारवाद पर भी कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा, 'जब हर बड़े पद पर एमएलए के बच्चों को ही बिठाना है, तो कार्यकर्ताओं को बेवकूफ क्यों बनाया जा रहा है? क्या हाईकमान को जमीनी कार्यकर्ता नहीं दिखते?' उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले डेढ़ साल से प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से मिलने का समय मांग रही हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया गया.
दिल्ली पुलिस में शिकायत और सबूतों का दावा
सुचित्रा सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस के कमिश्नर ने उनके सबूतों को देखने के बाद शिकायत दर्ज कर ली है. उन्होंने दावा किया कि उनके पास बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य पुख्ता सबूत हैं, जो उन्होंने पुलिस को सौंप दिए हैं. सुचित्रा ने मांग की है कि इन नेताओं पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और उनके पैसे ब्याज समेत वापस दिलाए जाएं.
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का रोल?
जब सुचित्रा से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में हुड्डा का कोई रोल नहीं है. उनका परिवार सीधे तौर पर दिल्ली हाईकमान और केंद्रीय नेताओं से जुड़ा रहा है और जो भी लेनदेन हुआ है, वह दिल्ली के स्तर पर हुआ है. फिलहाल कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने इन गंभीर आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन इस मामले ने हरियाणा से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में भूचाल ला दिया है.
ADVERTISEMENT


