Haryana Electricity Strike: हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से कई इलाकों में बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और सोनीपत समेत कई जिलों में बिजली कटौती से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली नहीं होने से पानी की सप्लाई और उद्योगों पर भी असर पड़ा है. वहीं, रेवाड़ी में बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-352 जाम कर दिया.
ADVERTISEMENT
बिजली विभाग के करीब 40 हजार कर्मचारी और इंजीनियर पावर सेक्टर के कथित निजीकरण के विरोध में तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं. इस हड़ताल के कारण अगले 72 घंटों तक बिजली सेवाएं बाधित रहने की आशंका जताई गई है.
गुरुग्राम में 12 घंटे में मिलीं 3 हजार से ज्यादा शिकायतें
गुरुग्राम में बुधवार देर रात से बड़े स्तर पर बिजली कटौती की खबरें सामने आईं. यहां महज 12 घंटे के भीतर बिजली से जुड़ी 3,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं. बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों को परेशानी हो रही है. इसका असर औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है.
स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. प्रशासन ने लोगों से बिजली कटौती, तकनीकी खराबी और सप्लाई से जुड़ी दूसरी समस्याओं की जानकारी इन माध्यमों से देने की अपील की है.
बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर:
- टोल फ्री नंबर: 1912
- हेल्पलाइन: 1800-180-4334
- WhatsApp: 8813999708
- WhatsApp: 9540954768
नूंह में 24 घंटे से बिजली गुल, पानी का संकट
नूंह जिले में बिजली कटौती का गंभीर असर देखने को मिल रहा है. यहां करीब 24 घंटे से बिजली सप्लाई बाधित होने की जानकारी सामने आई है. बिजली नहीं होने से आम लोगों के साथ मवेशियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. बिजली से चलने वाले उपकरण बेकार पड़े हैं. वहीं, बिजली दफ्तरों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है.
सोनीपत और फरीदाबाद में भी असर
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर सोनीपत में भी दिखाई दे रहा है. यहां कई इलाकों में बिजली गुल होने की सूचना है. फरीदाबाद में भी बिजली कटौती और सप्लाई से जुड़ी परेशानियां सामने आई हैं. बिजली संकट के कारण पानी की आपूर्ति और औद्योगिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है.
रेवाड़ी में ग्रामीणों ने हाईवे-352 किया जाम
बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रेवाड़ी में सड़क पर दिखाई दिया. पलहावास और आसपास के गांवों के लोगों ने बिजली सप्लाई बाधित होने के विरोध में नेशनल हाईवे-352 जाम कर दिया. ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर विरोध जताया.
बिजली संकट के बीच कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हरियाणा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, 'हरियाणा के सीएम हैं नायब, प्रदेश में बिजली है गायब.'
सरकार की कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील
सरकार की ओर से हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की गई है. सरकार ने कहा है कि कर्मचारी हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर आएं. साथ ही यह भी कहा गया है कि सभी विकल्पों पर बातचीत करने के लिए सरकार तैयार है. इसमें इलेक्ट्रिसिटी एक्ट, 2003 की धारा 108 पर कार्रवाई का विकल्प भी शामिल है.
फिलहाल, बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हरियाणा के कई इलाकों में बिजली सप्लाई प्रभावित है. इसका असर आम लोगों, पानी की व्यवस्था और उद्योगों पर पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT


