हरियाणा के गोहाना से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय जवान बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना शहर की देवी नगर कॉलोनी की है, जहाँ नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा को उसके पिता ने तेजधार हथियार से मौत के घाट उतार दिया. इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.
ADVERTISEMENT
नर्सिंग की छात्रा थी मृतका, पिता पर हत्या का आरोप
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतका नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और उसकी उम्र करीब 23 वर्ष थी. आरोप है कि उसके पिता अनिल ने किसी विवाद के चलते तेजधार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डीसीपी जितेंद्र गहलावत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे.
प्रेम प्रसंग या घरेलू कलह? पुलिस कर रही जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह या फिर कथित प्रेम प्रसंग को लेकर उपजा विवाद बताया जा रहा है. डीसीपी जितेंद्र गहलावत ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है, लेकिन असली कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा."
इलाके में गहरा आक्रोश
वार्ड नंबर 3 के पार्षद नरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुँचे थे. उन्होंने बताया कि बेटी अविवाहित थी और नर्सिंग की छात्रा थी. स्थानीय लोग इस वारदात से गहरे सदमे में हैं और आरोपी पिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर एंगल से मामले की तफ्तीश की जा रही है.
ADVERTISEMENT


