हरियाणा: झज्जर में दिनदहाड़े 1 मिनट में दागी 20 गोलियां, बीजेपी से जुड़े फाइनेंसर की बेरहमी से हत्या

हरियाणा के झज्जर में एक फाइनेंसर की दिनदहाड़े 20 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. मृतक के पिता ने पुलिस अधिकारियों और अपने ही भाई पर साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

हरियाणा न्यूज
हरियाणा न्यूज

न्यूज तक डेस्क

follow google news

हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक युवा फाइनेंसर साहिल उर्फ सोनू की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई. बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में आए तीन बदमाशों ने महज एक मिनट के भीतर करीब 20 राउंड फायरिंग की. हमला इतना भीषण था कि साहिल का शरीर छलनी हो गया, लेकिन हमलावरों ने चिथड़े उड़ जाने के बाद भी गोलियां बरसाना बंद नहीं किया.

Read more!

अपनों और पुलिस पर ही लगे संगीन आरोप

मृतक साहिल के पिता कुकू पहलवान, जो खुद बीजेपी से जुड़े हैं और जिला परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं, ने इस हत्या के पीछे एक बड़े पुलिस अफसर और अपने ही एक सगे भाई पर साजिश रचने का आरोप लगाया है. कुकू पहलवान का कहना है कि उनके बेटे के खिलाफ पिछले ढाई-तीन साल से साजिश रची जा रही थी. उन्होंने दावा किया कि उनके ही भाई ने 5 दिन पहले बदमाशों को सुपारी दी थी और उन्हें इस बारे में पहले ही चेतावनी भी दी गई थी.

पुलिस अधिकारी की भूमिका पर सवाल

कुकू पहलवान ने आरोप लगाया कि झज्जर के कुछ पुलिस अफसर उनके बेटे को झूठे केसों में फंसाकर परेशान कर रहे थे. उन्होंने कहा कि एक सब-इंस्पेक्टर ने उनसे लाखों रुपये लिए और लगातार उनके बेटे को सीआईए (CIA) में टॉर्चर करने की धमकी दी जा रही थी. पिता का कहना है कि वे पुराने बीजेपी कार्यकर्ता हैं, लेकिन उनके अपनों ने ही उनके साथ गद्दारी की और उनके बेटे की हत्या करवा दी.

1 मिनट में 20 राउंड, मॉडर्न वेपन का इस्तेमाल

वारदात के समय साहिल एक बैठक में बैठा था. जैसे ही हमलावर आए, उसने भागने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने उसे आंगन में ही गिराकर गोलियां बरसा दीं. पुलिस के मुताबिक, हमले में आधुनिक हथियारों (Modern Weapons) का इस्तेमाल हुआ है. हमलावरों का मकसद साहिल को किसी भी कीमत पर जिंदा नहीं छोड़ना था. भागते समय हमलावरों की स्कॉर्पियो लकड़ियां मोड़ पर पलट भी गई थी, लेकिन वे उसे सीधा कर फरार होने में कामयाब रहे.

पुलिस जांच और रंजिश का एंगल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला फाइनेंस से जुड़ी रंजिश और पैसे के लेनदेन का लग रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल पर भी अलग-अलग थानों में चार एफआईआर दर्ज थीं. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित की हैं. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है और ग्रामीणों में भारी गुस्सा है.


 

    follow google news