Karnal Police Encounter Vikas Sanju: हरियाणा के करनाल में दो दिन पहले डिंपल अरोड़ा की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए एक एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह लाइव एनकाउंटर इंद्री रोड स्थित प्रसिद्ध कर्ण लेक के पास हुआ. यहां सीआईए (CIA) पुलिस और शातिर बदमाश के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग देखने को मिली. इस खूनी मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. बता दें कि डिंपल अरोड़ा बिजली विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत थी.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आरोपी की लोकेशन की सूचना मिली थी. इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर संदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कर्ण लेक के नजदीक पहले से ही नाकेबंदी कर रखी थी. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आ रहा आरोपी सीधे पुलिस पार्टी के सामने आ गया. खुद को पुलिस से चारों तरफ घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी दो गोलियां
इसमें आरोपी विकास उर्फ संजू के पैर में सीधे दो गोलियां जा लगीं, जिसके बाद वह अपनी बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा. आरोपी के घायल होते ही पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से दबोच लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कंट्री मेड पिस्टल (देशी कट्टा), कारतूस और उसकी मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया. पैर में गोली लगने के कारण खून से लथपथ हुए बदमाश को पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस के जरिए करनाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
20 साल की सजा पा चुका आरोपी विकास
गिरफ्तार किए गए इस इनामी और शातिर बदमाश की पहचान विकास उर्फ संजू के रूप में हुई है, जो कुरुक्षेत्र के लाडवा इलाके का रहने वाला है. पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि विकास उर्फ संजू का पुराना और बेहद ही खूंखार आपराधिक बैकग्राउंड रहा है. उसके खिलाफ पहले से ही हत्या सहित कई अन्य संगीन मामले दर्ज हैं. वह एक मर्डर केस के मामले में अदालत द्वारा 20 साल की कठोर सजा पा चुका है और जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद वापस नहीं लौटा था, यानी वह एक पैरोल जंपर भी है. वह कानून की आंखों में धूल झोंककर लगातार फरार चल रहा था और इसी दौरान उसने करनाल में एक और नई वारदात को अंजाम दे डाला.
दिनदहाड़े महिला क्लर्क को उतारा था मौत के घाट
गौरतलब है कि बीते दो दिन पहले दोपहर के समय करनाल के थाना 32-33 इलाके के अंतर्गत आने वाले सेक्टर नौ में बिजली बोर्ड के दफ्तर में क्लर्क के पद पर कार्यरत डिंपल अरोड़ा की इस बदमाश ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी खौफनाक वारदात वहां आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके बाद से ही करनाल पुलिस की सीआईए टीमें आरोपी का स्केच और फुटेज लेकर लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर करनाल के एसपी, डीएसपी और एफएसएल (FSL) की फोरेंसिक टीमें भी पहुंच चुकी हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
हर एंगल से जांच में जुटी सीआईए
आरोपी विकास उर्फ संजू के अस्पताल में भर्ती होने के बाद अब पुलिस की विशेष टीमें उससे गहनता से पूछताछ करने की तैयारी में जुटी हैं. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा है कि आखिर इस शातिर बदमाश ने बिजली विभाग की क्लर्क डिंपल अरोड़ा की हत्या क्यों की और इस पूरी खौफनाक वारदात के पीछे असली वजह या निजी रंजिश क्या है. इसके साथ ही पुलिस इस एंगल से भी तफ्तीश कर रही है कि क्या इस मर्डर को अंजाम देने में या उसे पनाह देने में किसी अन्य बाहरी व्यक्ति की भी इंवॉल्वमेंट थी. डीएसपी संदीप का कहना है कि हर एंगल से बारीकी से जांच चल रही है और जो भी तथ्य डिस्क्लोज होंगे, उनके आधार पर मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ADVERTISEMENT


