हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, जहां विदेश जाने और वहां पत्नी के साथ सुखद भविष्य बिताने का सपना एक युवक के लिए दुःस्वप्न बन गया. एक तरफ जहां युवक ₹34 लाख के भारी-भरकम कर्ज के जाल में फंस गया है, वहीं दूसरी ओर इस बड़े आर्थिक और मानसिक तनाव के चलते उसके पिता की भी मौत हो गई. पीड़ित युवक अब न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह दर्दनाक कहानी कुरुक्षेत्र के बिलोचपुरा गांव के रहने वाले संजीव कुमार की है. संजीव ने साल 2022 में टिकरी गांव की रहने वाली सिमरन नाम की युवती से इंटरकास्ट लव मैरिज की थी. शादी दोनों परिवारों की रजामंदी और रीति-रिवाजों के साथ हुई थी. सिमरन ग्रेजुएट थी और उसने ऑस्ट्रेलिया जाकर आगे की पढ़ाई करने और वहां सेटल होने की इच्छा जताई थी. उसने संजीव को भरोसा दिलाया था कि जैसे ही वह ऑस्ट्रेलिया में पैर जमा लेगी, वह संजीव को भी वहां बुला लेगी. दोनों ने शादी के बाद शिमला और अमृतसर में अपना हनीमून भी मनाया था.
सब कुछ बेचकर पत्नी को भेजा विदेश
संजीव के मुताबिक, शादी के करीब दो महीने बाद दिसंबर 2022 में सिमरन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी चली गई. सिमरन को विदेश भेजने के लिए संजीव ने कुरुक्षेत्र के सेक्टर 10 के एक एजेंट के जरिए करीब 24 लाख रुपये खर्च किए. इस मोटी रकम का इंतजाम करने के लिए संजीव को अपनी चलती-फिरती बेकरी का सारा सामान और दुकान तक बेचनी पड़ी. इसके अलावा, उसने करीब 22 लाख रुपये भारी ब्याज पर उधार लिए. कुल मिलाकर इस पूरी प्रक्रिया में संजीव के ₹34 लाख खर्च हो गए.
पत्नी ने किया बुलाने से इनकार, नंबर किए ब्लॉक
संजीव का आरोप है कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद सिमरन का रवैया पूरी तरह बदल गया. जब भी संजीव उसे स्पॉन्सरशिप भेजने और ऑस्ट्रेलिया बुलाने के लिए कहता, वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देती. हद तो तब हो गई जब सिमरन ने साफ कह दिया कि वह संजीव को ऑस्ट्रेलिया नहीं बुलाना चाहती. उसने संजीव को फेसबुक, इंस्टाग्राम और फोन कॉल समेत हर जगह से ब्लॉक कर दिया है. जब संजीव ने सिमरन के माता-पिता से बात की, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि "अब लड़की हमारी सुनती ही नहीं है."
दस्तावेजों में हेरफेर और धोखाधड़ी का आरोप
संजीव ने सिमरन के पिता (जो बैंक में गार्ड हैं) और एजेंट पर मिलीभगत का एक बड़ा आरोप लगाया है. संजीव का कहना है कि शादी रजिस्टर्ड होने के बावजूद, उन लोगों ने दस्तावेजों में सिमरन को 'अनमैरिड' (अविवाहित) दिखाकर ऑस्ट्रेलिया भेजा था. इस बात का पता संजीव को 6 महीने बाद चला. इसके बाद हुए विवाद के कारण सिमरन को सितंबर 2023 में कुछ दिनों के लिए भारत लौटना पड़ा था, जहां दोनों ने दोबारा मैरिज रजिस्ट्रेशन कराया. लेकिन ऑस्ट्रेलिया वापस जाते ही सिमरन ने फिर से धोखा दे दिया.
तनाव में पिता की मौत, मां भी बीमार
इस धोखे और चढ़ते हुए कर्ज के कारण संजीव का परिवार पूरी तरह टूट गया. संजीव आज भी हर महीने करीब ₹1.5 लाख रुपये सिर्फ ब्याज के रूप में चुका रहा है. इसी भारी मानसिक और आर्थिक तनाव के चलते 6 मई 2025 को संजीव के पिता जसवंत सिंह की मौत हो गई. पिता की मौत के बाद संजीव की मां भी लगातार बीमार रहने लगी हैं.
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पीड़ित संजीव ने हार नहीं मानी है. उसने ऑस्ट्रेलियाई दूतावास (Australian Embassy) में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है और ऑस्ट्रेलिया में एक वकील के जरिए कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की है. संजीव का कहना है कि वह जल्द ही कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर अपनी पत्नी सिमरन, उसके पिता और एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराएंगे. संजीव की मांग है कि या तो उसे ऑस्ट्रेलिया बुलाया जाए या फिर ब्याज समेत उसके ₹34 लाख वापस दिलाए जाएं.
ADVERTISEMENT


