उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों और पहाड़ी रास्तों पर बाहरी राज्यों के वाहनों द्वारा हुड़दंग की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन इस बार देहरादून के बीच चौराहे पर एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक हड़कंप मचा दिया. देहरादून के जाखन चौकी क्षेत्र के जोहड़ी तिराहे पर काले रंग की हरियाणा (HR) नंबर वाली गाड़ी (HR 16 AC 7177) के साथ बीच सड़क पर हंगामा कर रहे एक शख्स की बदमाशी को देहरादून पुलिस ने चंद मिनटों में निकाल दिया.
ADVERTISEMENT
शराब के नशे में धुत, पुलिस को दिखाया चाकू
जानकारी के मुताबिक, 24 मई 2026 की शाम ट्रैफिक पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक गाड़ी की वजह से सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी. जब ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गाड़ी सवार व्यक्ति को टोकने और हटाने का प्रयास किया तो वह बदतमीजी पर उतारू हो गया. हद तो तब हो गई जब उसने पुलिस टीम को डराने के लिए सब्जी काटने वाला चाकू लहराना शुरू कर दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत भारी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया और करीब 5 से 6 पुलिसकर्मियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया. पुलिस द्वारा किए गए अल्कोहल टेस्ट (एल्कोमीटर) में उसके अत्यधिक शराब पीने की पुष्टि हुई है.
ससुराल आया था आरोपी, पेंडिंग हैं कई चालान
जांच में सामने आया है कि हंगामा करने वाला शख्स 31 वर्षीय सूरजभान (उर्फ विजय) है, जो हरियाणा के भिवानी (सेक्टर 13) का रहने वाला है. उसकी शादी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में हुई है. वह अपने ससुराल आया था और वहां से लौटते समय उसने इस हुड़दंग को अंजाम दिया. पुलिस ने जब उसकी गाड़ी का रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि साल 2024 से इस गाड़ी पर ओवर स्पीडिंग और बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने जैसे 9,000 रुपये से अधिक के कई गंभीर चालान पेंडिंग हैं.
मानसिक तनाव में है आरोपी, पुलिस ने की कानूनी कार्रवाई
पकड़े गए शख्स की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा है और दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल से उसका इलाज चल रहा है.
बहरहाल, देहरादून पुलिस ने आरोपी को मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) की धारा 185 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसकी गाड़ी को सीज कर दिया गया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT


