Haryana News: पानीपत में बिश्नोई गैंग का खौफ! एक ही दिन में दो लोगों से मांगी 12 करोड़ की फिरौती, व्यापारियों में हड़कंप

Haryana News: हरियाणा के पानीपत में बिश्नोई गैंग के नाम पर एक किसान से 10 करोड़ और एक दुकानदार से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है. पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं और व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी देने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

बिश्नोई गैंग
बिश्नोई गैंग

प्रदीप रेढू

follow google news

हरियाणा के पानीपत जिले की इसराना विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग लोगों से कुल 12 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई. खुद को कुख्यात बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले हमलावर ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है. इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है.

Read more!

पहली कॉल: किसान-व्यापारी से 10 करोड़ की डिमांड

वारदात 24 मार्च 2026 की है. सुबह के वक्त इसराना के रहने वाले सुखराम पाल के पास एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप (WhatsApp) कॉल आई. सुखराम पाल, जो पेशे से किसान और व्यापारी हैं, ने जब फोन उठाया तो सामने वाले शख्स ने खुद को विदेश में बैठा गैंगस्टर बताया. उसने कथित तौर पर बिश्नोई गैंग का नाम लेकर सुखराम से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई.

दूसरी कॉल: दुकानदार से मांगे 2 करोड़ रुपये

अभी पुलिस सुखराम पाल की शिकायत पर जांच शुरू ही कर रही थी कि उसी दिन शाम को एक और वारदात हो गई. हरेंद्र नाम के एक स्थानीय दुकानदार के पास भी व्हाट्सएप कॉल आई. इस बार फोन करने वाले ने खुद का नाम रणदीप मलिक बताया और दावा किया कि वह बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है. उसने हरेंद्र से 2 करोड़ रुपये की मांग की. एक ही दिन में दो बड़ी फिरौती की कॉल आने से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है.

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

पीड़ित सुखराम पाल और हरेंद्र ने तुरंत इसराना थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है. पानीपत पुलिस ने दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना है कि क्या ये कॉल वाकई विदेश से आई हैं या किसी ने बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है.

इसराना क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अगर दिन-दिहाड़े इस तरह से करोड़ों की फिरौती मांगी जाएगी, तो व्यापारी सुरक्षित कैसे रहेंगे? फिलहाल पुलिस व्हाट्सएप कॉल के आईपी एड्रेस और नंबरों को ट्रेस करने में जुटी है.

ये भी पढ़ें: सुचित्रा का प्रियंका गांधी और के.सी. वेणुगोपाल पर बड़ा आरोप , बोलीं- 7 करोड़ दिए फिर भी नहीं मिला स्क्रिप्ट

    follow google news