Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले से सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है. यहां की नवनिर्मित और 'हाईटेक' मानी जाने वाली जेल से दो बंदी चकमा देकर फरार हो गए हैं. इस घटना के बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं. हैरानी की बात यह है कि यह जेल महज एक साल पहले ही पूरी तरह से आधुनिक तकनीक और सख्त निगरानी के दावों के साथ शुरू की गई थी.
ADVERTISEMENT
गिनती के दौरान खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार, जेल में बंद ये दोनों बंदी साइबर अपराध के मामलों में सलाखों के पीछे थे. घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम को बंदियों की नियमित गिनती की जा रही थी. गिनती के दौरान दो बंदी कम पाए जाने पर जेल परिसर में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पूरी जेल की तलाशी ली गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
'हाईटेक' दावों पर उठे सवाल
रेवाड़ी की इस जेल को पूरी तरह से टेक्नोलॉजी आधारित और सुरक्षित बनाया गया था, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता चल सके, लेकिन इस सनसनीखेज वारदात ने जेल प्रशासन की सतर्कता और तकनीक, दोनों पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. इतनी सख्त निगरानी के बावजूद दो शातिर अपराधी कैसे रफूचक्कर हो गए, यह अब जांच का विषय है.
पुलिस की घेराबंदी शुरू
जेल प्रशासन की शिकायत पर रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और फरार बंदियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बंदी किस रास्ते से और किसकी मदद से फरार हुए हैं.
ADVERTISEMENT


