Nuh: हरियाणा के नूंह जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. बिछौर थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 साल की एक युवती को घर में अकेला पाकर कुछ दबंग युवकों ने उसके साथ सामूहिक गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिया. इसके बाद बदनामी और लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है.
ADVERTISEMENT
मुंह में कपड़ा ठूंसकर किया गैंगरेप
पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 18 मई 2026 की रात को वह किसी काम से बाहर गए हुए थे. घर में उनकी 20 वर्षीय बेटी और बुजुर्ग मां थीं. रात करीब 1:00 बजे गांव के ही तीन-चार दबंग युवक दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आए. उस वक्त युवती कमरे में सो रही थी. आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह चिल्ला न सके और फिर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया.
वीडियो बनाकर कर रहे थे ब्लैकमेल
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने वारदात के दौरान पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए थे. इसके बाद वे इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. आरोपियों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी. इस मानसिक दबाव को न झेल पाने के कारण पीड़िता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया.
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. दम तोड़ने से पहले पुलिस डायल 112 को दिए बयान में पीड़िता ने आरोपियों के नाम बताए थे. परिजनों ने अरशद, जाहुल, तल्हा, शाहरुख और अरमान नाम के युवकों पर वारदात का आरोप लगाया है.
कागजी कार्रवाई और परिजनों की मांग
बिछौर थाना प्रभारी राजवीर के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है. डॉक्टरों के बोर्ड से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. वहीं, पीड़िता के लाचार पिता और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द सभी दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा दिलाकर न्याय की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT


