हरियाणा की सियासत में राज्यसभा चुनाव के बाद आया भूचाल अब घरों की दहलीज तक पहुंच गया है. हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल पर चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के गंभीर आरोप लगे हैं. इन आरोपों से आहत होकर उनके बेटे नाजिम चौधरी ने अपने पिता से सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी है.
ADVERTISEMENT
"गद्दारी की विरासत मंजूर नहीं"
मीडिया से बातचीत के दौरान नाजिम चौधरी काफी भावुक नजर आए. उन्होंने साफ कहा कि उनके परिवार की पांच पीढ़ियां कांग्रेसी रही हैं और राहुल गांधी ने उनके पिता पर भरोसा जताकर टिकट दिया था.
नाजिम का आरोप है कि उनके पिता ने दलितों, अल्पसंख्यकों और पार्टी के विश्वास को चंद फायदों के लिए बेच दिया. उन्होंने बताया कि वे सिद्धांतों से समझौता करने वाले पिता के साथ एक छत के नीचे नहीं रह सकते.
सुरक्षा और वीआईपी ट्रीटमेंट पर उठाए सवाल
नाजिम ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि क्रॉस वोटिंग के तुरंत बाद उनके पिता को 'कैबिनेट रैंक' जैसी भारी सुरक्षा दी गई है. उन्होंने तंज कसा कि जो अधिकारी पहले फोन नहीं उठाते थे, वे अब उनके घर ईद की दावत में शामिल हो रहे हैं. नाजिम के मुताबिक, यह सत्ता के साथ उनके पिता की मिलीभगत का सीधा सबूत है.
घर छोड़ा और वसीयत से नाम हटाने की मांग
नाजिम ने अपना पैतृक घर छोड़ दिया है. उन्होंने बताया कि वे सरकारी कागजों और वसीयत से अपना नाम कटवाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं. उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से भी अपील की है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई पार्टी के साथ ऐसा धोखा न करे.
ADVERTISEMENT


