हरियाणा राज्यसभा चुनाव की दो सीटों पर हुए घमासान के बाद कांग्रेस के अंदर मचे घमासान ने नया मोड़ ले लिया है. चुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध की जीत तो हो गई, लेकिन पांच विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग की खबरों ने हाईकमान की चिंता बढ़ा दी थी. अब कांग्रेस ने पांचवें विधायक के तौर पर रतिया से विधायक जरनैल सिंह को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है.
ADVERTISEMENT
इन चार विधायकों के नाम पहले ही हो चुके थे उजागर
इससे पहले कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद ने चार अन्य विधायकों के नाम सार्वजनिक किए थे, जिनमें शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेनू बाला (साढोरा), मोहम्मद इलियास (पुन्हाना) और मोहम्मद इजराइल (हथीन) शामिल हैं. पांचवें नाम को लेकर पिछले दो दिनों से सस्पेंस बना हुआ था, जो अब जरनैल सिंह के रूप में सामने आया है.
"मुझे बदनाम करने की साजिश": जरनैल सिंह
नोटिस मिलने की खबरों के बीच रतिया विधायक जरनैल सिंह ने अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक ऐसा कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है. जरनैल सिंह ने दावा किया कि वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अपना वोट दिखाकर ही डाला था. उन्होंने इसे विरोधियों द्वारा उन्हें बदनाम करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया.
पार्टी ने क्या लगाया आरोप?
समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि राज्यसभा चुनाव में जरनैल सिंह ने पार्टी निर्देशों का उल्लंघन किया और जानबूझकर पार्टी उम्मीदवार को हराने की कोशिश की.
जरनैल सिंह का राजनीतिक सफर
जरनैल सिंह रतिया सीट से छह बार चुनाव लड़ चुके हैं, जिनमें से तीन बार उन्हें जीत हासिल हुई है. वे इनेलो से भी विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस के टिकट पर 2024 में चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. अब देखना यह होगा कि पार्टी हाईकमान उनके जवाब के बाद क्या कड़ा एक्शन लेता है.
ये भी पढ़ें: हरियाणा कांग्रेस में मचे घमासान के बीच कुलदीप वत्स ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'पार्टी में बैठे गद्दारों पर हो कार्रवाई'
ADVERTISEMENT


