इन दिनों एक नया हरियाणवी गाना 'कॉलेज वाली छोरी' विवादों के घेरे में आ गया है. इस गाने के बोलों पर हरियाणा रोडवेज के कंडक्टरों ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे समाज के लिए गलत संदेश देने वाला बताया है. मामला इतना बढ़ गया है कि हिसार डिपो के कंडक्टरों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, 'कॉलेज वाली छोरी' गाने में एक कंडक्टर और कॉलेज जाने वाली छात्रा के बीच प्रेम प्रसंग दिखाया गया है. गाने के बोल "कॉलेज वाली छोरी होगी सेट कंडक्टर के, घने दिना में घट गया जो था पेट कंडक्टर के" इसपर रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि यह उनकी पेशेवर छवि और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की गरिमा को ठेस पहुंचाता है.
कंडक्टरों का आरोप है कि इस तरह के गाने उनकी सामाजिक छवि खराब करते हैं. उन्होंने हिसार के सिटी थाने में लिखित शिकायत देकर गाने को यूट्यूब से हटाने और इसके लेखक, निर्देशक व गायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. इसकी एक प्रति हरियाणा राज्य महिला आयोग को भी भेजी गई है.
'सिर्फ मनोरंजन के लिए'
दूसरी ओर, गाने में मुख्य भूमिका निभाने वाले कलाकार नवीन नारू ने इन आरोपों को खारिज किया है. उनका तर्क है कि यह गाना पूरी तरह मनोरंजन के लिए बनाया गया है और 'सेट होना' हरियाणा की आम बोलचाल का शब्द है, जिसका मतलब प्यार होना होता है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक कंडक्टर को प्यार करने का हक नहीं है? उन्होंने इसे अपनी वापसी और गाने की लोकप्रियता से जलने वाले लोगों की साजिश करार दिया है.
ADVERTISEMENT


