हरियाणा में 37 दिनों बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, सरकार ने मानीं कई मांगें, अब मिलेंगे ये बड़े फायदे

न्यूज तक डेस्क

• 03:48 PM • 12 Sep 2026

Haryana Sanitation Workers Strike Ends: हरियाणा में पिछले 37 दिनों से जारी सफाई और नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है. मुख्यमंत्री और निकाय मंत्री के साथ लिखित सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया. सरकार ने 13,939 पदों पर पक्की भर्ती, जोखिम भत्ता और कई मांगें मंजूर कर ली हैं.

हरियाणा में 37 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
हरियाणा में 37 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
Google CTA

Haryana Sanitation Workers Strike Ends: हरियाणा में नगर पालिका कर्मचारी संघ और सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले करीब बीते एक महीने से चल रही सफाई कर्मचारियों, सीवरमैनों और फायर ऑपरेटरों की राज्यव्यापी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है. मुख्यमंत्री और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की मुख्य मांगों पर लिखित सहमति बन गई. समझौते के बाद कर्मचारी संघों ने हड़ताल वापस लेने और तुरंत प्रभाव से काम पर लौटने का ऐलान किया है.

Read more!

रिक्त पदों पर होगी भर्ती, 15 दिनों में जारी होगा विज्ञापन

नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान ने बताया कि सरकार के साथ हुई बैठक में मुख्य रूप से रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने पर सहमति बनी है. इसकी प्रक्रिया 45 दिनों के अंदर पूरी की जाएगी, जिसके लिए 15 दिनों के अंदर विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा. ठेके पर लगे कर्मचारियों, अनुबंधित सीवरमैनों और फायरमैनों को इस पक्की भर्ती में प्राथमिकता और छूट का लाभ मिलेगा.

₹2000 भत्ता, कैशलेस मेडिकल और प्रमोशन के नए नियम 

कर्मचारियों की वित्तीय और सुरक्षा मांगों पर भी सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं:

  • जोखिम भत्ता: पालिका रोल के साथ-साथ अब नियमित सफाई कर्मचारियों को भी प्रति माह ₹2,000 जोखिम भत्ता दिया जाएगा.
  • दुर्घटना सहायता: ऑन-ड्यूटी दुर्घटना से मृत्यु होने पर अनुकंपा सहायता राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा, बैंक एक्सीडेंटल इंश्योरेंस के तहत 50 लाख रुपये का लाभ मिलेगा.
  • कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा: रेगुलर और रिटायर्ड कर्मचारियों को सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस मेडिकल सुविधा दी जाएगी.
  • प्रमोशन का दायरा बढ़ा: पढ़े-लिखे सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों को अब केवल दरोगा या सेनेटरी इंस्पेक्टर नहीं, बल्कि ग्रुप-सी (लिपिक) पदों पर भी प्रमोशन का मौका मिलेगा.
  • मेडिकल लीव: एक कैलेंडर वर्ष में मेडिकल छुट्टियों की संख्या 10 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है.

FIR व सस्पेंशन वापस होंगे, 10 दिनों में साफ होंगे कूड़े के ढेर

कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया कि 37 दिनों की इस हड़ताल के दौरान जिन कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज हुई थी या जिन्हें सस्पेंड/टर्मिनेट किया गया था, सरकार उन सभी कार्रवाइयों को वापस लेगी. हड़ताल अवधि का वेतन भी कर्मचारियों को दिया जाएगा. संघ के नेताओं ने हरियाणा की जनता, किसान संगठनों और सामाजिक संगठनों का समर्थन के लिए आभार जताया और आश्वासन दिया कि वे आगामी 10 दिनों के भीतर दिन-रात काम करके प्रदेश भर में लगे कूड़े के ढेरों को साफ कर हरियाणा को फिर से स्वच्छ बनाएंगे.

यह भी पढ़ें: '100 प्याज और 100 जूते खाकर भी बात मानेंगे CM सैनी', अभय चौटाला ने बीजेपी सरकार पर कसा तंज, लगाए गंभीर आरोप