Haryana Voter List Fraud: हरियाणा में चुनाव आयोग द्वारा शुरू की गई एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है. फरीदाबाद की तिगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके नेता रोहित नागर ने वोटर लिस्ट में भारी धांधली और फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT
नागर ने ऑन-कैमरा सबूत दिखाते हुए दावा किया कि वोटर लिस्ट में एक ही महिला की तस्वीर का 30 अलग-अलग नामों से इस्तेमाल कर फर्जी वोट तैयार किए गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने पक्षपात करने वाले बीएलओ (BLO) को खुलेआम नौकरी से हटवाने की चेतावनी दी है.
एक महिला की फोटो का 30 बार इस्तेमाल, नाम और जेंडर भी बदला
Haryana Tak से बातचीत करते हुए रोहित नागर ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट दिखाते हुए कहा, "एक ही महिला की फोटो को लिस्ट में 30 बार इस्तेमाल किया गया है. कमाल की बात देखिए कि कभी उसका नाम बेगम बता दिया जाता है, कभी संतोष कुमार, तो कभी सुनीता पाल लिख दिया जाता है. इतना ही नहीं, कई जगहों पर तो महिला की तस्वीर के आगे जेंडर में पुरुष लिख दिया गया है." नागर का दावा है कि अगर एक बूथ पर 100 से 150 वोटों में गड़बड़ी है, तो पूरी विधानसभा के 345 बूथों पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हुआ है.
'बीजेपी नेताओं के दफ्तरों में बैठ कर काम कर रहे हैं बीएलओ'
कांग्रेस नेता रोहित नागर ने चुनाव आयोग के तंत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलेक्शन कमीशन द्वारा नियुक्त किए गए कई बीएलओ (BLO) बीजेपी नेताओं, मंत्रियों और पार्षदों के दबाव में काम कर रहे हैं. उन्होंने एक वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 26 में बीजेपी पार्षद के कार्यकर्ता और बीएलओ एक दफ्तर में बैठकर वोट बना रहे हैं. नागर ने कहा कि बीएलओ का फर्ज डोर-टू-डोर जाकर वेरिफिकेशन करना है, न कि किसी राजनीतिक दल के दफ्तर में बैठकर लिस्ट तैयार करना.
'फर्जी वोटों से बनी बीजेपी सरकार, सीएम दें इस्तीफा'
रोहित नागर ने मौजूदा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, "साल 2024 का चुनाव इसी फर्जी वोटर लिस्ट के आधार पर लड़ा गया था. यह जो भाजपा की सरकार बनी है, यह जनता के वोटों से नहीं बल्कि फर्जी वोटों के दम पर बनी है. अगर हरियाणा के मुख्यमंत्री में हिम्मत है और वो स्वीकार करते हैं कि लिस्ट में गड़बड़ी थी, तो तुरंत इस्तीफा दें और दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराएं."
'यह मोदी का नहीं, राहुल गांधी का दौर है'
अपनी रणनीति साझा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वे इस धांधली के खिलाफ चुनाव आयोग में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे. अगर 14 तारीख से शुरू हुई इस अपील प्रक्रिया के दौरान एक्शन नहीं लिया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता मीडिया को साथ लेकर बीजेपी नेताओं के दफ्तरों और बीएलओ पर सीधा छापा मारेंगे. बीएलओ को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए रोहित नागर ने कहा, "यह नरेंद्र मोदी का दौर नहीं, राहुल गांधी का नया दौर है. हम उनके सिपाही हैं, किसी से डरने वाले नहीं हैं. अगर मेरी विधानसभा में किसी भी बीएलओ ने गड़बड़ी की या ठीक से काम नहीं किया, तो उसे नौकरी से हटवाने का काम करूंगा."
ADVERTISEMENT


