हरियाणवी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. मशहूर एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का महज 30 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिससे उनके प्रशंसकों और इंडस्ट्री में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. दिव्यांका सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके करोड़ों चाहने वाले थे.
ADVERTISEMENT
सबकुछ सामान्य था, फिर अचानक क्या हुआ?
परिजनों के अनुसार, मंगलवार दिन में सबकुछ सामान्य था. दिव्यांका ने दोपहर में खाना बनाया और खुद भी खाना खाया. शाम करीब 7:00 बजे जब उनका छोटा भाई दिव्यांशु कहीं बाहर जाने लगा, तो दिव्यांका ने उसके मैसेज का रिप्लाई भी किया था. लेकिन जब रात करीब 10:00 बजे भाई घर लौटा, तो दिव्यांका फर्श पर बेसुध पड़ी थीं और उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था.
परिजनों के बयान ने बढ़ाया रहस्य
दिव्यांका के परिजनों ने बताया कि उनकी मौत से पहले उनके हाथ-पैर पूरी तरह अकड़ गए थे और सिर में हल्की सूजन भी देखी गई थी. भाई के अनुसार, दिव्यांका ने दोपहर में तबीयत थोड़ी खराब होने की बात कही थी और खाना खाने की इच्छा नहीं जताई थी, लेकिन भाई के कहने पर उन्होंने एक रोटी खाई थी. परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने रात में देखा, तो दिव्यांका फर्श पर गिरी हुई थीं और उनके सिर से खून भी निकला था.
पोस्टमार्टम न होने पर उठ रहे सवाल
दिव्यांका सिरोही को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि मौत के कारणों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया गया? शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, लेकिन सिर में सूजन और हाथ-पैर अकड़ने जैसी बातों ने मौत के असली कारण को रहस्य बना दिया है.
सोशल मीडिया स्टार का सफर
19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में जन्मी दिव्यांका फिलहाल अपने भाई-बहनों के साथ गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रह रही थीं. कोरोना काल के बाद पिछले 3-4 सालों में उन्होंने हरियाणवी इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई थी. उनके जाने से फैंस सदमे में हैं और लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर एक फिट और एक्टिव रहने वाली एक्ट्रेस की अचानक जान कैसे चली गई?
ADVERTISEMENT


