हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की बढ़ी मुश्किलें, देहरादून में मंच से दी 'मां-बहन' की गालियां, अब दर्ज हुई FIR

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून के डीएवी कॉलेज में अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल करने पर एफआईआर दर्ज की गई है। सिंगर ने गैंगस्टर की धमकी और स्ट्रेस को इसकी वजह बताते हुए माफी मांगी है, वहीं हरियाणा महिला आयोग ने भी उन्हें नोटिस जारी किया है.

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा

न्यूज तक

follow google news

अपनी गायकी से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में रहने वाले मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. देहरादून के डीएवी (DAV) पीजी कॉलेज में आयोजित एक छात्र संघ कार्यक्रम के दौरान मंच से सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा और 'मां-बहन' की गालियां देने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. इस घटना के बाद न केवल उत्तराखंड बल्कि हरियाणा में भी आक्रोश व्याप्त है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

घटना 10-11 अप्रैल की रात की है, जब मासूम शर्मा को देहरादून के डीोएवी कॉलेज में परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सिंगर ने भरे मंच से हजारों छात्र-छात्राओं और महिलाओं की मौजूदगी में अश्लील शब्दों और गालियों का इस्तेमाल किया. सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रांचल नोनी की शिकायत पर देहरादून के डालनवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

गैंगस्टर की धमकी या नशे का असर?

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी है. उनका दावा है कि वह पिछले दो दिनों से एक गैंगस्टर के निशाने पर थे, जो हरियाणा से उनका पीछा करते हुए देहरादून तक आ गया था. मासूम ने बताया कि उस गैंगस्टर ने उनके भाई (जो अमेरिका में है) को फोन कर शो कैंसिल करने की धमकी दी थी और कहा था कि अगर शो हुआ तो मंच पर ही गोली मार देंगे. सिंगर का कहना है कि इसी स्ट्रेस और गुस्से के कारण उनके मुंह से गालियां निकल गईं. हालांकि, मंच पर उन्होंने यह भी कहा था कि "भड़क थी और दो पैग ज्यादा मार लिए थे."

हरियाणा महिला आयोग का सख्त एक्शन

देहरादून पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ अब हरियाणा महिला आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है. आयोग ने मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है. आयोग का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर महिलाओं की मौजूदगी में इस तरह की अभद्र भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

विधायक उमेश शर्मा भी विवादों में

जिस वक्त मासूम शर्मा मंच से गालियां दे रहे थे, वहां खानपुर के विधायक उमेश शर्मा भी मौजूद थे. आरोप है कि विधायक ने सिंगर को रोकने के बजाय उन्हें शह दी और खुद भी बाहुबली अंदाज में बात की. हालांकि, बाद में विधायक ने सफाई दी कि उन्होंने मासूम को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वह गुस्से में थे. कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे, लेकिन गालियों वाले हंगामे से करीब आधा घंटा पहले ही वह वहां से जा चुके थे.

मासूम शर्मा ने मांगी माफी

एफआईआर दर्ज होने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा कि देवभूमि के लोगों से उन्हें बहुत प्यार है और वह गुस्से के कारण अपना आपा खो बैठे थे. अब देखना होगा कि देहरादून पुलिस और महिला आयोग की जांच में सिंगर पर क्या शिकंजा कसता है.


 

    follow google news