हरियाणवी संगीत जगत के जाने-माने नाम मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. उत्तराखंड के देहरादून में एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल करने के आरोप में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने उन्हें समन जारी किया है. आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है और सिंगर को जमकर फटकार लगाई है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले देहरादून के डीएवी सेंचुरी कॉलेज में एक 'स्टार नाइट' कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में मासूम शर्मा मुख्य कलाकार के तौर पर मौजूद थे. आरोप है कि मंच पर प्रदर्शन के दौरान मासूम शर्मा ने अपना आपा खो दिया और हजारों छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में गंदी गालियों और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने मंच से ही किसी को धमकी भरे लहजे में बेहद आपत्तिजनक बातें कहीं.
महिला आयोग की अध्यक्ष का कड़ा प्रहार
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने 'हरियाणा तक' से बातचीत में कहा, "खुद को यूथ आइकॉन कहने वाला और संस्कृति को रिप्रेजेंट करने वाला व्यक्ति मंच से इतने घिनौने शब्द कैसे कह सकता है? उन्होंने न केवल अपनी गरिमा गिराई है, बल्कि उत्तराखंड में हरियाणा का नाम भी खराब किया है."
भाटिया ने आगे कहा कि मासूम शर्मा पहले भी कई बार विवादों में रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि केवल माफी मांग लेना ही समाधान नहीं है. उन्होंने कहा, "सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसी घटिया मानसिकता का इस्तेमाल कब तक बर्दाश्त किया जाएगा? अगर यही बात किसी आम आदमी ने कही होती, तो लोग उसकी हड्डियां तोड़ देते, लेकिन सेलिब्रिटी होने के नाते इन्हें छूट नहीं दी जा सकती."
18 अप्रैल को पंचकूला कार्यालय में पेशी
महिला आयोग ने मासूम शर्मा को आधिकारिक समन भेजकर 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में पेश होने का आदेश दिया है. आयोग का कहना है कि पिछली बार भी सिंगर्स को चेतावनी दी गई थी कि मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लेकिन मासूम शर्मा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
ADVERTISEMENT


