मसूरी माल रोड पर हरियाणा के पर्यटकों का हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला के सिर पर मारी दूध की क्रेट

उत्तराखंड के मसूरी में गुरुग्राम (हरियाणा) से आए सैलानियों ने शराब के नशे में सड़क पर जमकर हंगामा और मारपीट की कार टकराने के मामूली विवाद पर सैलानियों ने स्थानीय लोगों और एक महिला पर दूध की प्लास्टिक क्रेट से हमला कर दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर गाड़ी का चालान कर दिया है.

mussoorie
mussoorie

न्यूज तक डेस्क

follow google news

उत्तराखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थल मसूरी से हुड़दंग और मारपीट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां गुरुग्राम से घूमने आए पर्यटकों ने सड़क पर जमकर बवाल काटा. मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ एक महिला पर भी जानलेवा हमला कर दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

कार टकराने पर भड़का विवाद!

यह पूरा घटनाक्रम रात के समय का है. गुरुग्राम से चार पर्यटक अपनी नई टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस कार (टेंपरेरी नंबर) से मसूरी के माल रोड स्थित बाटा शोरूम के पास पहुंचे थे. इसी दौरान पर्यटकों की गाड़ी वहां के स्थानीय लोगों की कार से टकरा गई. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो गाड़ी में सवार पर्यटक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे.

दूध की क्रेट से किया हमला! 

विवाद बढ़ने पर पर्यटकों ने पास में रखी दूध की एक प्लास्टिक क्रेट उठाई और एक स्थानीय व्यक्ति के सिर पर दे मारी, जिससे उसका सिर फट गया. जब बीच-बचाव करने एक स्थानीय महिला वहां पहुंची, तो हुड़दंगियों ने उस महिला के सिर पर भी उसी भारी क्रेट से हमला कर दिया. चोट लगने की वजह से महिला वहीं सड़क पर गिर गई. इसके बाद भी पर्यटक शांत नहीं हुए और पीड़ित को सड़क पर गिराकर लात-घूसों से पीटते रहे.

गुस्साए लोगों ने पकड़ा! 

सड़क पर काफी देर तक चले इस तमाशे के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए. उन्होंने हंगामा कर रहे मुख्य पर्यटक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी का मेडिकल कराया, तो उसके शराब पीने की पुष्टि हुई.

पुलिस ने आरोपी की पहचान नीरज राघव के रूप में की है, जो गुरुग्राम के सिकंदरपुर का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी नीरज को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया है. साथ ही, पर्यटकों की लग्जरी गाड़ी का मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत भारी-भरकम चालान भी काटा गया है.

    follow google news