HBSE 10th Result 2026: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने सेकेंडरी (10वीं) वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. इस बार नियमित परीक्षार्थियों का कुल परीक्षा परिणाम 89.60 प्रतिशत रहा, जबकि स्वयंपाठी छात्रों का रिजल्ट 70.02 प्रतिशत दर्ज किया गया. बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजल्ट की घोषणा करते हुए बताया कि छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर पर देख सकते हैं.
ADVERTISEMENT
इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शहरी छात्रों को पीछे छोड़ दिया. निजी स्कूलों का परिणाम सरकारी स्कूलों से बेहतर रहा. जिला स्तर पर चरखी दादरी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नूंह सबसे पीछे रहा.
भिवानी की दीपिका ने किया टॉप
हरियाणा बोर्ड कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा 2026 में भिवानी जिले की बेटी दीपिका ने प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है. भिवानी के मीरान गांव स्थित आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा दीपिका ने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए. उनका पास प्रतिशत 99.80 रहा, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक है. दीपिका की इस शानदार सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे जिले में खुशी का माहौल है. ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली दीपिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है.
लड़कियों का शानदार प्रदर्शन, लड़कों से 3.95% आगे
बोर्ड के अनुसार नियमित परीक्षा में कुल 2,76,640 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. इनमें से 2,47,860 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए. 6,201 विद्यार्थियों का परिणाम ई.आर. (Essential Repeat) रहा, यानी उन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी.
कुल 1,33,530 छात्राओं में से 1,22,367 पास हुईं, जिससे उनका पास प्रतिशत 91.64 रहा. वहीं 1,43,110 छात्रों में से 1,25,493 सफल हुए और उनका पास प्रतिशत 87.69 प्रतिशत दर्ज किया गया. इस तरह लड़कियों ने लड़कों से 3.95 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया.
ग्रामीण छात्रों ने शहरी विद्यार्थियों को पछाड़ा
ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 90.25 रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों के छात्रों का परिणाम 87.94 प्रतिशत दर्ज किया गया. इससे साफ है कि गांवों के छात्रों ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया. वहीं निजी स्कूलों का रिजल्ट 92.45 प्रतिशत रहा, जबकि सरकारी स्कूलों का परिणाम 87.23 प्रतिशत रहा.
जिला स्तर पर पास प्रतिशत के आधार पर चरखी दादरी ने पहला स्थान प्राप्त किया. दूसरे स्थान पर जींद, तीसरे पर महेंद्रगढ़ रहा. वहीं जिला नूंह सबसे निचले पायदान पर रहा.
ऑपन स्कूल का रिजल्ट भी घोषित
हरियाणा बोर्ड ने सेकेंडरी मुक्त विद्यालय (Open School) परीक्षा 2026 का परिणाम भी जारी कर दिया है. फ्रेश कैटेगरी में 5,772 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से केवल 645 छात्र पास हुए. इस श्रेणी का कुल परिणाम 11.17 प्रतिशत रहा. रि-अपीयर श्रेणी में 3,957 विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें से 1,885 छात्र सफल रहे. इस श्रेणी का परिणाम 47.64 प्रतिशत रहा.
10वीं के प्रदेश टॉपर
प्रदेशभर में कुल 16 विद्यार्थियों ने टॉप-3 स्थान हासिल किए. भिवानी के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मिरान की छात्रा दीपिका ने 499 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया.
498 अंकों के साथ चार विद्यार्थियों ने दूसरा स्थान प्राप्त किया. इनमें रोनक, खुशी, अंतु और दीपांशु शामिल हैं.
497 अंकों के साथ 11 विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया, जिनमें काव्यांश, दीक्षा, साक्षी, आरजू, मानशी, आशु, मनुराज, सकोमल, गीता, महक और वंश देव शामिल हैं.
डीएलएड रि-अपीयर का परिणाम भी जारी
बोर्ड ने डी.एल.एड. फरवरी-मार्च 2026 परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया. प्रवेश वर्ष 2023-25 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 62.50 प्रतिशत रहा. द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 81.76 प्रतिशत रहा.
प्रवेश वर्ष 2024-26 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) का परिणाम 65.13 प्रतिशत दर्ज किया गया.
पुनर्मूल्यांकन के लिए 20 दिन का समय
जो विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT


