हरियाणा के हिसार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शिव कॉलोनी में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही 32 साल की महिला पूजा की उसके ही प्रेमी गौरव (28) ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. खौफनाक बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद सरेंडर करने पुलिस चौकी पहुंच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं मृतका की मां ने आरोपी पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
मर्डर के बाद खुद पुलिस चौकी पहुंचा बॉयफ्रेंड
यह सनसनीखेज मामला हिसार के शिवनगर/शिव कॉलोनी इलाके का है. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को इस वारदात की भनक तब लगी जब आरोपी गौरव खुद सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा. उसने वहां तैनात पुलिसकर्मियों से कहा, "मैंने पूजा का खून कर दिया है, क्योंकि वह किसी और युवक के संपर्क में थी." आरोपी की बात सुनकर पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई. पुलिस तुरंत उसे साथ लेकर मौके पर पहुंची, जहां कमरे के अंदर पूजा की लहूलुहान लाश पड़ी हुई थी. क्राइम सीन को फौरन सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए.
रात 3 बजे हुआ था विवाद, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गौरव ई-रिक्शा चलाता है और वे दोनों पिछले 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. आरोपी ने बताया कि पूजा पिछले 5-6 महीनों से किसी चौथे व्यक्ति के संपर्क में थी, जो उसे नागवार गुजर रहा था. इसी बात को लेकर देर रात करीब 3 बजे दोनों के बीच भयंकर झगड़ा हुआ. गुस्साए गौरव ने चाकू उठाकर पूजा के गले, पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
2 पति, 3 बच्चे और चौथे का शक
मृतका पूजा मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी. इस मामले में जो सबसे पेचीदा पहलू सामने आया है, वह पूजा के रिश्तों का ताना-बाना है. पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और दोनों शादियों से उसके तीन बच्चे हैं. वह दोनों पतियों को छोड़कर पिछले 5 साल से गौरव के साथ लिव-इन में रह रही थी. आरोपी गौरव को शक था कि दो शादियां और उसके साथ रहने के बाद पूजा अब किसी चौथे शख्स के करीब जा रही थी, इसी शक के चलते उसने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया.
"बेटी से कराता था गलत धंधा"
इस हत्याकांड के बाद मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने गौरव पर बेहद संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि गौरव उनकी बेटी को डरा-धमकाकर और कोर्ट मैरिज का झांसा देकर लाया था. मां का आरोप है कि गौरव उनकी बेटी से जबरन गलत काम (देह व्यापार) करवाता था और उसे 10 से 15 दिनों के लिए बाहर अलग-अलग होटलों में भेजता था. मां के मुताबिक, पूजा ने अपनी कमाई से करीब 14 लाख रुपये का एक प्लॉट खरीदा और घर बनवाया था, जिसे गौरव अपने नाम करवाने के लिए उसे लगातार प्रताड़ित करता था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को बरामद कर लिया है. आरोपी गौरव को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की मां के आरोपों और आरोपी के बयानों की कड़ाई से जांच की जा रही है ताकि मर्डर के पीछे की असली वजह और इसके पीछे छिपे अन्य राजों का पर्दाफाश किया जा सके.
ADVERTISEMENT


